रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बिलासपुर: कार और ऑटो में भीषण भिड़ंत, महिला की मौत, 2 गंभीर

C

CG Khabar

28 अप्रै. 2026, 03:12 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

बिलासपुर । संवाददाता: बिलासपुर के तोरवा थाना अंतर्गत लालखदान ओवरब्रिज पर सोमवार तड़के एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा पेश आया, जिसमें एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. गुजरात से मजदूरी कर अपने वतन लौट रहे दंपति की ऑटो को एक अनियंत्रित कार ने सामने से जबरदस्त टक्कर मार दी. 


इस भयावह टक्कर में महिला की घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं, जबकि उसका पति और ऑटो चालक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं.

विज्ञापन


हादसे का शिकार हुए रणजीत डहरिया और उनकी पत्नी बिरस बाई मूलतः मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम धनगवां के निवासी थे. रोजी-रोटी की तलाश में गुजरात गए इस दंपति ने रविवार रात ही ट्रेन से बिलासपुर स्टेशन पर कदम रखा था. 


सुबह करीब पांच बजे उन्होंने घर पहुंचने की उम्मीद में ऑटो (CG 10 AG 7221) किराए पर लिया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. जैसे ही उनकी ऑटो लालखदान ओवरब्रिज पर चढ़ी, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार (CG 04 VA 3294) काल बनकर आई और ऑटो के परखच्चे उड़ा दिए.


चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से घायलों को फौरन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने बिरस बाई को मृत घोषित कर दिया. 


रणजीत डहरिया की नाजुक हालत को देखते हुए उनका उपचार जारी है, वहीं दुर्घटना में ऑटो चालक के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए हैं. इधर, तोरवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP