बिलासपुर: गोकशी और बीफ बेचने के आरोप में दो गिरफ्तार
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गोवंश का वध करने और उसका मांस बेचने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई कोटा थाना क्षेत्र के दर्रीकापा गांव में मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई.
पुलिस अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना 1 अगस्त को मिली थी. इसके बाद आरोपी राकेश अनंत (36) और राहुल अनंत (23) मौके से फरार हो गए थे. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर, रविवार को दोनों आरोपियों को धर दबोचा.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35.40 किलोग्राम बीफ और हड्डियां जब्त की हैं. इसके अलावा अपराध में इस्तेमाल किए गए दो कुल्हाड़ी, खाल छीलने वाले दो औजार और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है.
मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299(3) (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से किया गया कृत्य) और छत्तीसगढ़ कृषि पशु संरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 10 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है. दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, और मामले की आगे की जांच जारी है.