शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बिलासपुर: महिलाओं को ले जा रहा ट्रैक्टर पलटा, दो की जान गई

C

CG Khabar

21 जुल. 2026, 05:50 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

ट्रैक्टर पलटा
ट्रैक्टर पलटा

बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में हिर्री थाना क्षेत्र स्थित मेडपार बाजार के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई. बगदेवा मंदिर के समीप रोपाई के लिए सकर्रा की ओर जा रही मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर गहरे खेत में पलट गई. 


इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह से अधिक महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.


प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर में करीब 19 महिलाएं सवार थीं, जो धान की रोपाई के काम के लिए जा रही थीं. 


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक की कथित लापरवाही के चलते वाहन पर से नियंत्रण खो गया और यह हादसा हुआ. 


दुर्घटना होते ही चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया. घायलों में मथुरा निषाद, आरती निषाद, दिलीप निषाद, मिलौती निषाद, चमारू ऐवत और संगीता प्रजापति शामिल हैं.


घटनास्थल पर मौजूद लोगों की सहायता से सभी घायलों को तुरंत बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. पुलिस प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन द्वारा हताहतों की सटीक संख्या तथा पहचान से जुड़ी आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया की जा रही है. फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर दुर्घटना के स्पष्ट कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP