बिलासपुर: फूड इंस्पेक्टर रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
बिलासपुर । संवाददाता: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया है. आरोपी अधिकारी ने एक स्व-सहायता समूह से सरकारी उचित मूल्य की दुकान आवंटित करने के बदले कुल एक लाख रुपये की मांग की थी.
शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने सूझ-बूझ से ऑपरेशन चलाया. आरोपी ने 90 हजार रुपये की रकम स्वीकार की ही थी कि टीम ने मौके पर दबोच लिया. इस दौरान रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई और श्याम वस्त्रकार को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया.
यह मामला मस्तूरी क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां आरोपी फूड इंस्पेक्टर के पद पर तैनात था. स्व-सहायता समूह के सदस्यों ने जब रिश्वत देने से इनकार किया तो शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर एसीबी ने त्वरित कार्रवाई की.
एसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.