बीजापुर: माओवादियों का हथियार बरामद, चीनी हैंड ग्रेनेड भी शामिल
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के जंगलों में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है. लंका पहाड़ी के जंगली इलाके में चलाए गए सर्च और डिमाइनिंग ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटकों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है.
इस बरामदगी में एक चीनी हैंड ग्रेनेड, एक सेल्फ लोडिंग राइफल (SLR), एक इंसास (INSAS) राइफल, 17 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (BGL) शैल, बीजीएल लॉन्चर, मैगजीन और बड़ी संख्या में कारतूस शामिल हैं.
बीजापुर पुलिस प्रशासन के अनुसार, 31 मार्च को राज्य को सशस्त्र माओवादी उपस्थिति से मुक्त घोषित किए जाने के बाद से ही बस्तर संभाग के सातों जिलों में सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान तेज कर दिए हैं.
इस विशेष अभियान का मकसद अतीत में नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियार, नकदी और विस्फोटकों के ठिकानों (डंप) को ढूँढकर उन्हें नष्ट करना है.
सितंबर महीने के दौरान ही बीजापुर के भैरमगढ़, फर्सेगढ़, मिर्तुर और भोपालपटनम जैसे विभिन्न थाना क्षेत्रों से एके-47, पिस्टल, डिटोनेटर, जिलेटिन की छड़ें और संचार उपकरण जैसी कई सामग्रियां बरामद की जा चुकी हैं. फिलहाल बरामद सभी हथियारों और सामग्रियों को विधिवत ज़ब्त कर आगे की कानूनी व जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.