भिलाई: सुपेला पुलिस ने 'सूदखोर' मुस्कान को दबोचा
भिलाई । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के भिलाई में अवैध ब्याजखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सुपेला थाना पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला जरूरतमंदों को कर्ज देकर उनसे 20 से लेकर 80 फीसदी तक मोटा ब्याज वसूल रही थी.
पुलिस ने आरोपी महिला, जिसकी पहचान मुस्कान उर्फ तबस्सुम शेख (43 वर्ष) के रूप में हुई है, को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
यह पूरा मामला तब उजागर हुआ जब फरीद नगर की रहने वाली रशीदा बानो ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के अनुसार, मुस्कान लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर उन्हें ऊंची दरों पर पैसा उधार देती थी. सुरक्षा के नाम पर वह कर्जदारों के महत्वपूर्ण दस्तावेज और कागजात अपने पास गिरवी रख लेती थी.
हैरानी की बात यह है कि जब पीड़ित मूलधन के साथ ब्याज की पूरी रकम लौटा देते थे, तब भी वह उनके दस्तावेज वापस नहीं करती थी.
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि कर्ज चुकता होने के बाद जब वे अपने कागजात मांगते थे, तो आरोपी महिला उनके साथ गाली-गलौज करती थी. इतना ही नहीं, वह लोगों को झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर चुप करा देती थी.
जांच में ललिता हियाल और स्वाधिका रावत जैसी कई अन्य महिलाओं के नाम भी सामने आए हैं जिन्हें इसी तरह प्रताड़ित किया गया.
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी महिला लंबे समय से शहर में अवैध सूदखोरी का काला कारोबार चला रही थी. डर की वजह से कई लोग उसके खिलाफ आवाज नहीं उठा रहे थे.
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में उधारी के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और पीड़ितों के कागजात बरामद किए हैं. फिलहाल पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इस सिंडिकेट के जरिए और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया गया है.