रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

चिनाब के पुल में भिलाई स्टील प्लांट का लोहा

भिलाई स्टील प्लांट का लोहा चिनाब के पुल में

C

CG Khabar

07 जून 2025, 08:23 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

चिनाब नदी का पुल
चिनाब नदी का पुल

रायपुर । संवाददाता: चिनाब नदी के पुल के लिये भिलाई स्टील प्लांट से सबसे ज्यादा लोहा भेजा गया है. जम्मू-कश्मीर में चिनाब नदी पर बने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल के निर्माण के लिये स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने 16,000 टन स्टील की आपूर्ति की है, जिसमें से भिलाई स्टील प्लांट ने 12,432 टन स्टील का योगदान दिया. यह जानकारी भिलाई स्टील प्लांट के एक अधिकारी ने दी. इस उपलब्धि को SAIL और भिलाई स्टील प्लांट के लिये गर्व का विषय बताया गया है.


इस 1.3 किलोमीटर लंबे पुल की ऊंचाई पेरिस के प्रसिद्ध एफिल टावर से 35 मीटर अधिक है. यह इंजीनियरिंग का एक अद्भुत नमूना है, जिसे 266 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं और उच्च तीव्रता वाले भूकंपों का सामना करने के लिए डिज़ाइन किया गया है.

विज्ञापन


SAIL के स्टील प्लांट्स ने इस पुल के निर्माण के लिये 16,000 टन स्टील की आपूर्ति की, जिसमें 6,690 टन टीएमटी उत्पाद, 1,793 टन स्ट्रक्चरल स्टील, और 7,511 टन स्टील प्लेट्स, हॉट स्ट्रिप मिल उत्पाद और चेकर्ड प्लेट्स शामिल हैं. भिलाई स्टील प्लांट ने इसमें 5,922 टन टीएमटी स्टील, 6,454 टन प्लेट्स और 56 टन स्ट्रक्चरल स्टील की आपूर्ति की. शेष स्टील की आपूर्ति SAIL के अन्य प्लांट्स, जैसे कि बर्नपुर में IISCO स्टील प्लांट, दुर्गापुर स्टील प्लांट, राउरकेला स्टील प्लांट और बोकारो स्टील लिमिटेड ने की.


शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर घाटी के लिये पहली ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई और चिनाब नदी पर बने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल सहित कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया. इस अवसर पर भारत के पहले केबल-स्टे आर्च ब्रिज का भी उद्घाटन किया गया.


भिलाई स्टील प्लांट के अधिकारी ने कहा, "इस पुल के निर्माण के लिए भिलाई स्टील प्लांट और SAIL के अन्य स्टील प्लांट्स ने 16,000 टन स्टील की आपूर्ति की, जिसमें प्लेट्स, टीएमटी बार और स्ट्रक्चरल स्टील शामिल हैं. यह उपलब्धि SAIL और भिलाई स्टील प्लांट के लिये गर्व का क्षण है."

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP