कांकेर: कोयलीबेड़ा में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़
कांकेर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा क्षेत्र में बुधवार शाम सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई. यह गोलीबारी उस समय शुरू हुई जब सुरक्षाबलों की एक संयुक्त टीम खुफिया जानकारी के आधार पर इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही थी.
कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड और अन्य बलों की टीम जब घने जंगलों में घेराबंदी कर रही थी, तभी नक्सलियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी. सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई के बाद नक्सली घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे.
राहत की बात यह रही कि इस मुठभेड़ में फिलहाल किसी भी पक्ष से हताहत होने की कोई खबर नहीं है.
तलाशी के दौरान मौके से विस्फोटक सामग्री, माओवादी साहित्य और दैनिक उपयोग के सामान बरामद किए गए हैं.
शुरुआती आकलन के अनुसार, इस मुठभेड़ में क्षेत्र में सक्रिय एक छोटा नक्सली दस्ता शामिल था.
एसपी राखेचा ने बताया कि घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ सघन तलाशी अभियान जारी है. बस्तर संभाग में लगातार बढ़ते दबाव और बढ़ते आत्मसमर्पण के बीच नक्सली अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे देखते हुए सुरक्षाबल हाई अलर्ट पर हैं.