जगदलपुर में गुलाल लगाने के विवाद में दो युवकों की हत्या
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले में नगरनार थाना क्षेत्र के ग्राम कलचा में रंग-गुलाल लगाने की बात पर शुरू हुआ मामूली विवाद इस कदर बढ़ा कि चार युवकों ने मिलकर दो दोस्तों की चाकू गोदकर हत्या कर दी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर सभी चारों हमलावरों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बीती रात उस समय हुई जब गांव के ही चार युवक गुलाल लगाने के लिए उमेश बघेल (23 वर्ष) और रोहित बघेल (17 वर्ष) के घर पहुंचे थे.
त्योहार की खुशियों के बीच गुलाल लगाने को लेकर उनके बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना गहरा गया कि हमलावरों ने अपने पास रखे धारदार चाकू निकाल लिए और दोनों पीड़ितों पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि हमले में घायल उमेश और रोहित की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतक उमेश और रोहित मूल रूप से बोधघाट थाना क्षेत्र के निवासी थे, जो घटना के समय कलचा ग्राम में मौजूद थे.
हत्या की खबर मिलते ही परिजनों ने तुरंत नगरनार पुलिस को सूचित किया.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीमों का गठन किया और रात में ही घेराबंदी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के असल कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. क्षेत्र में इस दोहरे हत्याकांड के बाद से मातम का माहौल है.