जगदलपुर: नेशनल हाइवे पर दुर्घटना से महिला समेत दो की मौत
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर के बाहरी इलाके से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी. इस दुर्घटना में एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है.
मामले में विरोधाभासी बातें सामने आ रही हैं. पुलिस को शुरुआती सूचना मिली थी कि एक कार ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया है.
वहीं, दूसरी ओर कार चालक का दावा है कि बाइक सवार पहले एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से अनियंत्रित हुए और उसके बाद कार से टकराए.
फिलहाल, पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के बाद ही हादसे के असली कारणों और जिम्मेदार वाहन का स्पष्ट पता चल सकेगा. इलाके में अज्ञात मृतकों की शिनाख्त के लिए भी प्रयास तेज कर दिए गए हैं.