रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बस्तर: नीट में फेल होने पर 20 वर्षीय छात्रा ने की आत्महत्या

C

CG Khabar

18 जुल. 2026, 01:18 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

हरिका राव
हरिका राव

जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में नीट (NEET) की परीक्षा में मनमुताबिक परिणाम न मिलने से हताश होकर एक 20 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. घटना बोधघाट थाना क्षेत्र के आड़ावाल खासपारा की है. बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर में नीट परीक्षा के तनाव के कारण आत्महत्या का यह पहला मामला बताया जा रहा है.


मिली जानकारी के अनुसार, मृतका एस. हरिका राव नायडू पिछले तीन वर्षों से लगातार नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी और हर बार परीक्षा में शामिल हो रही थी. गुरुवार देर रात नीट के नतीजे घोषित हुए, जिसके बाद युवती अपने लैपटॉप पर रिजल्ट चेक कर रही थी. रात करीब 1 बजे तक वह अपने परिवार के साथ सामान्य रूप से बातचीत कर रही थी, जिसके बाद सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए.

विज्ञापन


देर रात करीब 3:30 बजे जब युवती की मां उसे देखने के लिए कमरे में पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. कमरा खुला हुआ था और हरिका फंदे से लटकी हुई थी.


घटना की सूचना मिलते ही बोधघाट पुलिस की टीम शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंची. बोधघाट थाना प्रभारी तामेश चौहान ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है. 


पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें युवती ने नीट परीक्षा में सफल न हो पाने के कारण यह आत्मघाती कदम उठाने की बात लिखी है.


पुलिस के मुताबिक, मृतका अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पीड़ित परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP