बाराद्वार: रेलवे टिकट कालाबाजारी का भंडाफोड़, वरिष्ठ बुकिंग क्लर्क और बिलासपुर का कुली गिरफ्तार
रेलवे सुरक्षा बल ने टिकटों की कालाबाजारी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बाराद्वार के वरिष्ठ बुकिंग क्लर्क और बिलासपुर स्टेशन के एक कुली को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 1,03,600 रुपये के 15 आरक्षित टिकट बरामद हुए हैं.
बिलासपुर । संवाददाता: रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत अपराध दर्ज करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने आरक्षित टिकटों की कालाबाजारी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों में बाराद्वार रेलवे स्टेशन के टिकट आरक्षण केंद्र में पदस्थ वरिष्ठ बुकिंग क्लर्क उत्कर्ष पासी और बिलासपुर स्टेशन पर कुली संख्या 206 के रूप में कार्यरत धनीराम यादव शामिल हैं. दोनों के कब्जे से कुल 1,03,600 रुपये मूल्य के 15 अवैध आरक्षित टिकट बरामद हुए हैं.
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब आरपीएफ की मुख्यालय अपराध गुप्तचर शाखा को बाराद्वार स्टेशन पर टिकटों के अवैध कारोबार की गुप्त सूचना मिली. सूचना के आधार पर टीम ने आरक्षण केंद्र में अचानक दबिश दी, जहां ड्यूटी पर तैनात वरिष्ठ बुकिंग क्लर्क उत्कर्ष पासी की तलाशी ली गई.
कार्यालय की जांच और पूछताछ के दौरान उसके पास से 2,510 रुपये का एक वातानुकूलित श्रेणी का आरक्षित टिकट मिला, जिसे बिना किसी औपचारिक मांग पत्र के बनाया गया था. सख्ती से पूछताछ करने पर क्लर्क ने कबूल किया कि उसने दीपक पाल नामक व्यक्ति के कहने पर निजी आर्थिक लाभ के लिए यह टिकट जारी किया था.
आरोपी क्लर्क के मोबाइल फोन की जांच करने पर इस अवैध नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगे. जांच अधिकारी को फोन में व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे गए 14 अन्य आरक्षित टिकटों के साक्ष्य मिले, जिनकी कुल कीमत 1,01,900 रुपये दर्ज है.
पड़ताल में यह बात सामने आई कि यात्रियों का विवरण व्हाट्सएप संदेश के जरिए क्लर्क तक भेजा जाता था और इसी आधार पर वह अपने पद का दुरुपयोग कर टिकट तैयार करता था. इस पूरी प्रक्रिया में बिलासपुर के परसदा स्थित आवासपारा निवासी कुली धनीराम यादव की अहम भूमिका रही, जो यात्रियों व बिचौलियों से संपर्क कर टिकट की मांग क्लर्क तक पहुंचाने और पैसों के लेनदेन का काम देखता था.
फिलहाल, साक्ष्यों के आधार पर सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की अन्नपूर्णा कॉलोनी निवासी उत्कर्ष पासी और उसके सह-आरोपी धनीराम यादव के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. प्रथम दृष्टया टिकटों की अवैध बिक्री में सीधी संलिप्तता प्रमाणित होने के बाद जांच टीम अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है.