बलरामपुर: आकाशीय बिजली से दो ग्रामीणों की मौत
बलरामपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में भारी बारिश के दौरान पेड़ के नीचे शरण लेना दो लोगों के लिए काल बन गया. गुरुवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना बलरामपुर जिले के कंदरी गांव की है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान कंदरी निवासी अर्जुन राम (30 वर्ष) और संजय पैकरा (42 वर्ष) के रूप में हुई है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को इलाके में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और गरज-चमक शुरू हो गई. इस मूसलाधार बारिश से बचने के लिए दोनों व्यक्ति पास के ही एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए.
इसी दौरान अचानक पेड़ पर गाज गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी.
घटना की जानकारी मिलते ही चांदो थाना पुलिस की टीम तुरंत कंदरी गांव पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की.
इस दुखद हादसे के बाद चांदो थाना प्रभारी (SHO) देवेंद्र सिंह टेकाम ने आम जनता से अपील की है कि वे खराब मौसम या बिजली कड़कने के दौरान भूलकर भी पेड़ों के नीचे आश्रय न लें. उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि गरज-चमक के समय किसी कंक्रीट की मजबूत इमारत या सुरक्षित स्थानों पर ही शरण लें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके.