बलरामपुर: डबरी में डूबने से डेढ़ साल के मासूम की मौत
बलरामपुर । संवाददाता: बलरामपुर जिले के रामानुजगंज थाना अंतर्गत कनकपुर गांव के गिजनियादामर टोला में रहने वाले अनिल रवि का डेढ़ साल का मासूम बेटा दीपक अपने घर के समीप अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था. खेलते-खेलते वह अचानक पास ही स्थित पानी से लबालब भरी डबरी में जा गिरा और डूब गया.
घटना की सूचना मिलते ही रामानुजगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया.
हादसे के वक्त मासूम के घर पर कोई भी वयस्क सदस्य मौजूद नहीं था. उसके पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात में काम करते हैं, जबकि मां किसी जरूरी काम से गांव की सोसाइटी गई हुई थी.
काफी देर तक जब बच्चा नजर नहीं आया, तो घर लौटे उसके दादा रमेश रवि ने उसकी खोजबीन शुरू की. खोजते हुए जब वे घर से महज 50 मीटर दूर बनी डबरी के पास पहुंचे, तो बच्चे का शव पानी में तैरता मिला.
परिजन आनन-फानन में मासूम को रामानुजगंज स्थित 100 बिस्तरीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल प्रबंधन से सूचना मिलने पर पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की तफ्तीश कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.