शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बलरामपुर: 50 लाख के गांजे के साथ बिहार का तस्कर गिरफ्तार

C

CG Khabar

25 सित. 2026, 03:09 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

गांजा जब्त
गांजा जब्त

बलरामपुर । संवाददाता: ओडिशा से बिहार की ओर हो रही नशीले पदार्थों की अंतरराज्यीय तस्करी पर शिकंजा कसते हुए बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. अंबिकापुर मार्ग पर नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्‍ध बोलेरो पिकअप को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो वाहन के डाले के निचले हिस्‍से में बना एक सीक्रेट चैंबर मिला. 


इस गुप्त केबिन को खोलने पर पुलिस को उसमें 100 पैकेटों में भरकर रखा गया 109.235 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपए बताई जा रही है.


मादक पदार्थों की इस बड़ी खेप को ओडिशा से बलरामपुर के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा था. पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन (JH10AQ5144) और गांजे को जब्‍त करते हुए वाहन चला रहे तस्कर को हिरासत में ले लिया. पकड़ा गया आरोपी 29 वर्षीय योगीराज है, जो बिहार के बक्सर जिले स्थित कतिकनार गांव का निवासी है. 


पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 20(ख)(2)(ग) के तहत मामला दर्ज कर उसे स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में उसे जेल भेज दिया गया है.


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में जारी नशे के कारोबार और तस्करी के कॉरिडोर को ध्वस्त करने के लिए पिछले कुछ समय से विशेष निगरानी रखी जा रही थी. इसी अभियान के दौरान 24 सितंबर की रात मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई थी कि अंबिकापुर की तरफ से गांजे की बड़ी खेप लेकर एक सफेद रंग की बोलेरो पिकअप बिहार की ओर बढ़ रही है. 


इनपुट मिलते ही पुलिस टीम ने संभावित मार्गों और चेकपोस्ट पर सघन वाहन चेकिंग शुरू कर दी, जिसके परिणामस्वरूप यह कामयाबी हासिल हुई. फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और मुख्य सप्लायरों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP