शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बलरामपुर: नशे में डायल 112 टकराने वाले सिपाही सेवा से बर्खास्त

C

CG Khabar

20 सित. 2026, 01:34 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

बर्खास्त
बर्खास्त

बलरामपुर । संवाददाता: सुरक्षा गार्ड जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के दौरान शराब पीकर सरकारी वाहन दुर्घटनाग्रस्त करने वाले एक आरक्षक को पुलिस अधीक्षक ने नौकरी से निकाल दिया है. बलरामपुर जिले के पुलिस प्रमुख वैभव बैंकर ने महकमे की साख पर धब्बा लगाने और घोर अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में आरक्षक संजय मारकण्डे को 19 सितंबर को बर्खास्त करने का फरमान जारी किया. 

विभागीय जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एसपी ने यह सख्त कदम उठाया, जिससे बेपरवाह कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया है.


यह पूरा मामला वाड्रफनगर-अम्बिकापुर मुख्य मार्ग स्थित न्यू पंचवटी ढाबा के पास हुई एक सड़क दुर्घटना से जुड़ा है. 7 जुलाई 2026 की देर रात करीब 11:40 बजे चौकी वाड्रफनगर से डायल 112 वाहन (CG-03-A-2749) एक इमरजेंसी सूचना पर ग्राम सिवरी बरतीकला के लिए निकला था. 


गाड़ी में आरक्षक संजय मारकण्डे के साथ चालक ओमप्रकाश यादव भी सवार थे. रास्ते में तेज रफ्तार डायल 112 वाहन सामने से आ रही पिकअप (UP-64-CT-1055) से सीधे टकरा गया. इस भीषण टक्कर में सरकारी गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.


हादसे की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची टीम को आरक्षक और चालक दोनों के आचरण पर संदेह हुआ. इसके बाद जब दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्रफनगर ले जाकर डॉक्टरी मुलाहिजा कराया गया, तब मेडिकल रिपोर्ट में उनके अत्यधिक शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई.


ड्यूटी के दौरान नशे में धुत रहने, गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता के इन गंभीर आरोपों पर विभागीय जांच बैठाई गई थी. जांच प्रक्रिया पूरी होने पर आरक्षक पर लगे सभी आरोप पूरी तरह सिद्ध पाए गए. इसके बाद रक्षित केंद्र बलरामपुर में तैनात आरक्षक के खिलाफ कठोर दंडात्मक निर्णय लेते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से पुलिस सेवा से पृथक कर दिया गया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP