रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बलौदा: गणेश विसर्जन विवाद में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या

C

CG Khabar

27 सित. 2026, 02:53 AM 2 मिनट में पढ़ें 4

जेल
जेल

जांजगीर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र स्थित गतवा गांव में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान भड़की हिंसा ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया. विवाद के दौरान हुई बर्बर मारपीट में गंभीर रूप से घायल 74 वर्षीय बुजुर्ग जोत राम कश्यप की अस्पताल पहुंचने से पहले ही सांसे थम गईं. 


इस सनसनीखेज वारदात पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

विज्ञापन


घटनाक्रम के अनुसार, 25 सितंबर की शाम गांव में प्रतिमा विसर्जन के दौरान नारायण कश्यप और राहुल कश्यप के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. विवाद की सूचना पाकर राहुल के पिता रोहित कश्यप बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ भी अहाता कर दिया. 


इसके बाद पीड़ित पक्ष के लोग कानूनी कार्रवाई के लिए बाइक पर सवार होकर पंतोरा चौकी की तरफ निकले थे.


थाने जाते समय रास्ते में हाईस्कूल के पास दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें रोक लिया. बातचीत के दौरान हमलावरों ने लाठी-डंडों और लात-घूसों से उन पर दोबारा जानलेवा हमला कर दिया. इस हिंसक झड़प में 74 साल के बुजुर्ग जोत राम कश्यप को जमीन पर पटक-पटक कर पीटा गया, जिससे उनके सिर और छाती में अंदरूनी व गंभीर चोटें आईं. अत्यधिक खून बहने और गंभीर चोटों के कारण उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया.


वारदात की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मृतक के शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. 


पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नामजद आरोपियों शिव कुमार कश्यप, संजय कश्यप, नारायण कश्यप और सविता कश्यप (सभी निवासी ग्राम गतवा) को हिरासत में ले लिया. वैधानिक प्रक्रियाओं और पूछताछ के बाद चारों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP