शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बलौदाबाजार: जब्त ट्रैक्टर को लेकर किसान ने खाया जहर

C

CG Khabar

20 जून 2026, 06:30 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

जहर पीना
जहर पीना

बलौदाबाजार । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल ब्लॉक में एक किसान ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या का प्रयास किया है. अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए ट्रैक्टर को छोड़ने के एवज में कथित तौर पर रिश्वत मांगने से परेशान होकर किसान ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. 


किसान को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां समय पर इलाज मिलने के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है.


मिली जानकारी के अनुसार, घटना कसडोल ब्लॉक के चंडीपाली गांव की है. पीड़ित किसान कमल ओगरा के परिजनों का आरोप है कि उनका बेटा राज ओगरा महानदी से ट्रैक्टर में रेत लेकर लौट रहा था, तभी प्रशासन की टीम ने उसे रोक लिया. 


परिजनों का दावा है कि महिला नायब तहसीलदार आकांक्षा तिवारी ने गाड़ी छोड़ने के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. पीड़ित परिवार का कहना है कि वे इतनी बड़ी रकम का इंतजाम करने में असमर्थ थे और उनके साथ पकड़े गए दो अन्य ट्रैक्टरों को छोड़ दिया गया, जिससे किसान अत्यधिक मानसिक और आर्थिक तनाव में आ गया. 


इसी अवसाद में आकर किसान ने आत्मघाती कदम उठा लिया.


दूसरी ओर, आरोपी नायब तहसीलदार आकांक्षा तिवारी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरी कार्रवाई पूरी तरह से कानून के दायरे में रहकर की गई थी और किसी से भी पैसों की कोई मांग नहीं की गई. 


अधिकारी ने बताया कि वह वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध खनन के खिलाफ अभियान चला रही थीं और इस कार्रवाई के दौरान उन्हें धमकियां भी मिली थीं. उनके मुताबिक, जब्त किए गए ट्रैक्टर के पास खनिज परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज या रॉयल्टी पर्ची नहीं थी.


इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. स्थानीय कांग्रेस विधायक संदीप साहू ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित किसान से मुलाकात की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बलौदाबाजार के कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने तत्काल आधिकारिक जांच के आदेश दे दिए हैं. 


उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी को पूरे मामले की बारीकी से जांच कर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP