रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बैकुंठपुर: IC Mart की प्रताड़ना से तंग आकर नाबालिग छात्रा ने की खुदकुशी

C

CG Khabar

09 जुल. 2026, 01:44 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

फांसी लगाकर आत्महत्या
फांसी लगाकर आत्महत्या

मनेन्द्रगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. इस आत्मघाती कदम के बाद पूरे इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है. मृतका के पिता पुलिस विभाग में ही पदस्थ हैं. 


परिजनों का सीधा आरोप है कि एक स्थानीय व्यापारिक प्रतिष्ठान 'आईसी मार्ट' के प्रबंधन द्वारा किए गए मानसिक उत्पीड़न, कथित झूठे आरोप और अवैध वसूली की मांग से तंग आकर उनकी बेटी ने यह आत्मघाती कदम उठाया है. घटना के बाद आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित मार्ट को पूरी तरह से सील कर दिया है.

विज्ञापन


मिली जानकारी के अनुसार, यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब मृतका अपनी बड़ी बहन के साथ उक्त मार्ट में कुछ सामान खरीदने गई थी. परिजनों ने शिकायत में बताया कि मार्ट के कर्मचारियों और प्रबंधन ने दोनों बहनों पर चोरी का झूठा आरोप मढ़ दिया. 


इसके बाद उन्हें काफी देर तक वहां बंधक बनाकर रखा गया और जबरन एक सूची तैयार करवाई गई. इतना ही नहीं, मानसिक दबाव बनाकर नाबालिग छात्रा से लिखित में यह भी स्वीकार कराया गया कि उसने और उसकी बहन ने दुकान से सामान चुराया है.


पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब इस बात की जानकारी होने पर मृतका के पिता मौके पर पहुंचे, तो मार्ट प्रबंधन ने मामले को रफा-दफा करने के एवज में पहले 20 हजार और बाद में 50 हजार रुपये की मोटी रकम की मांग की. पैसे न देने पर मृतका की स्कूटी को भी मार्ट प्रबंधन ने अपने कब्जे में ले लिया और बिना रकम चुकाए वाहन लौटाने से साफ मना कर दिया. 


इस सरेआम हुए अपमान और गंभीर दबाव के कारण छात्रा गहरे मानसिक तनाव से जूझ रही थी, जिसके चलते उसने बुधवार दोपहर को अपने घर में फांसी लगा ली. 


सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया. फिलहाल पुलिस ने मार्ट को सील कर हर पहलू की बारीकी से जांच शुरू कर दी है कि आत्महत्या की असली वजह क्या थी और लिखित बयान लिखवाने व पैसे वसूलने के दावों में कितनी सच्चाई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP