रमेश बैस को उपराष्ट्रपति बनाने बैज ने मोदी को लिखी चिट्ठी
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ के किसी भी सीनियर बीजेपी नेता को उपराष्ट्रपति बनाने की मांग की है. इसके लिए उन्होंने बकायदा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चिट्ठी लिखी है. जिसमें रायपुर के दिग्गज नेता व 7 बार के सांसद और तीन राज्यों के राज्यपाल रह चुके रमेश बैस का नाम भी सुझाया है.
दरअसल, जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद से उपराष्ट्रपति का पद खाली हो चुका है. वहीं नये उपराष्ट्रपति के चयन के लिए निर्वाचन आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी है. ऐसे में अब सब की निगाहें इस बात पर टिकी हुई है कि नये उपराष्ट्रपति की जिम्मेदारी किसे मिलने वाली है.
इस बीच पीसीसी चीफ दीपक बैज ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है.
दीपक बैज ने पत्र में लिखा है आम चुनाव वर्ष 2000 से अब तक छत्तीसगढ़ ने 11 लोकसभा क्षेत्र में से औसतन 10 सीटें जिताकर भाजपा को संसद सदस्य के रूप में देने का काम किया है.
वर्ष 2014 में केंद्र में आपकी सरकार जब बनी उस वक्त छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा में से भाजपा ने 10 सीटें जीती.
इसी प्रकार 2019 में 9 सीटें तथा वर्ष 2024 के आम चुनाव में 10 सीटें भाजपा को जिताकर सांसद के रूप में प्रदेश की जनता ने भेजा है.
किन्तु हम सभी के लिए पीड़ा का विषय है कि तीनों कार्यकाल में छत्तीसगढ़ को केवल राज्यमंत्री का प्रतिनिधत्व मिला.
उन्होंने पत्र में आगे कहा है कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ भाजपा में कई ऐसे नेता मौजूद हैं जो देश के उपराष्ट्रपति पद को सुशोभित करने में सक्षम हैं, जिसमें पूर्व राज्यपाल रमेश बैस जैसे महत्वपूर्ण नेता शामिल हैं, जो 7 बार सांसद झारखंड त्रिपुरा महाराष्ट्र जैसे राज्यों के राज्यपाल के रूप में सेवा दे चुके हैं.
उन्होंने लिखा है कि वर्तमान छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के 10 सांसदों को कोई महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व नहीं मिला है. वरीयता के आधार पर समस्त छत्तीसगढ़ के लोगों की ओर से उपराष्ट्रपति के पद के लिए छत्तीसगढ़ को प्राथमिकता देते हुए छत्तीसगढ़ के किसी नेता को अवसर देने का निवेदन करता हूं.