शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कदाचार के आरोप में आत्मानंद स्कूल का शिक्षक बर्खास्त

C

CG Khabar

15 मई 2026, 07:05 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

बर्खास्त
बर्खास्त

अम्बिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जिसमें नैतिक पतन के आरोप सिद्ध होने पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने कड़ा रुख अपनाते हुए एक संविदा शिक्षक की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं. यह पूरी कार्रवाई बतौली स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के शिक्षक सुरेश जायसवाल के विरुद्ध की गई है, जिन्हें एक कॉलेज छात्रा के साथ आपत्तिजनक अवस्था में पाए जाने के बाद दोषी माना गया.


घटनाक्रम के अनुसार, बीती 20 अप्रैल की मध्यरात्रि सरमना के लंकाडांड जंगल के पास स्थानीय ग्रामीणों ने एक संदिग्ध कार खड़ी देखी थी. पास जाकर देखने पर शिक्षक सुरेश जायसवाल छात्रा के साथ पकड़े गए, जिसका वीडियो मौके पर मौजूद युवकों ने बना लिया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया. 


मामला गरमाने और भाजपा नेताओं द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद, डीईओ दिनेश कुमार झा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक उच्च स्तरीय जांच दल गठित किया था.


जांच समिति, जिसमें बतौली और सीतापुर के विकासखंड शिक्षा अधिकारी शामिल थे, ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो में मौजूद व्यक्ति शिक्षक सुरेश कुमार जायसवाल ही है और प्रयुक्त वाहन भी उन्हीं का था. पूछताछ के दौरान शिक्षक देर रात छात्रा के साथ निर्जन स्थान पर मौजूदगी का कोई ठोस या तर्कसंगत कारण स्पष्ट नहीं कर सके. 


विभाग ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता और गरिमा के प्रतिकूल आचरण माना है. नोटिस का संतोषजनक उत्तर न मिलने पर प्रशासन ने शिक्षक को बर्खास्त कर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि शैक्षणिक संस्थान की छवि धूमिल करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP