अरुण कुमार पांडेय बने नए प्रधान मुख्य वन संरक्षक
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी अरुण कुमार पांडेय को राज्य का नया प्रधान मुख्य वन संरक्षक और वन बल प्रमुख (PCCF-HoFF) नियुक्त किया है. राज्य शासन द्वारा बुधवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है.
1994 बैच के आईएफएस अधिकारी अरुण कुमार पांडेय, 1990 बैच के अधिकारी वी श्रीनिवास राव का स्थान लेंगे, जो अपनी सेवा से सेवानिवृत्त हो रहे हैं. इस शीर्ष पद पर नियुक्ति के बाद पांडेय को 2,25,000 रुपये प्रति माह का एपेक्स स्केल वेतन मिलेगा.
राज्य प्रशासन ने इस महत्वपूर्ण पद के लिए वरिष्ठ अधिकारी कौशलेन्द्र सिंह और अनिल साहू के मुकाबले अरुण कुमार पांडेय के नाम पर मुहर लगाई. आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, उनके बेहतरीन प्रशासनिक कौशल और वन्यजीव प्रबंधन के क्षेत्र में व्यापक जमीनी अनुभव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.
अपने सेवाकाल के दौरान अरुण कुमार पांडेय ने बिलासपुर के कोपरा जलाशय को अंतरराष्ट्रीय रामसर स्थल का दर्जा दिलाने में बेहद अहम भूमिका निभाई थी, जिससे यह छत्तीसगढ़ का पहला वैश्विक मान्यता प्राप्त वेटलैंड बना. इसके अलावा उनके पास बाघ अभयारण्यों की देखरेख और राज्य में वन्यजीव प्रबंधन से जुड़ी जटिल चुनौतियों को सुलझाने का एक लंबा और शानदार अनुभव है.