रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

अमिताभ जैन बने रहेंगे छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव

मुख्य सचिव अमिताभ जैन का कार्यकाल तीन महीने के लिए बढ़ाया गया

H

Hupendra Sharma

30 जून 2025, 12:35 PM 3 मिनट में पढ़ें 2

अमिताभ जैन
अमिताभ जैन

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव अमिताभ जैन फिलहाल मुख्य सचिव पद पर बने रहेंगे. उन्हें तीन महीने का एक्सटेंशन दिया गया है.


साय कैबिनेट की बैठक में अमिताभ जैन के सेवा विस्तार को मंजूरी दी गई है. वह आगामी आदेश तक अपने पद पर बने रहेंगे. सोमवार को मुख्य सचिव अमिताभ जैन सेवानिवृत्त होने वाले थे. आज उन्हें विदाई दी जानी वाली थी. उससे पहले ही केन्द्र सरकार की ओर से उनकी सेवा को आगे बढ़ाने का निर्णय आया.

विज्ञापन


कैबिनेट की बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इसकी जानकारी दी है.


उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने फिलहाल अमिताभ जैन को बतौर मुख्य सचिव सेवाओं को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है. तीन महीने के लिए उनका कार्यकाल बढ़ाया गया है. 


मुख्य सचिव पद की दौड़ में तीन नाम सबसे आगे बताए जा रहे थे. उनमें पहला नाम 1992 बैच के आईएएस सुब्रत साहू, दूसरा नाम 1993 बैच के केन्द्र में प्रतिनियुक्ति पर गए अमित अग्रवाल और तीसरा नाम 1994 बैच के मनोज पिंगुआ का था. लेकिन अगले तीन महीनों तक इन नामों पर फिलहाल विराम लग गया है.


अमिताभ जैन 1 दिसंबर 2020 में राज्य के मुख्य सचिव बने थे. तब से वह इस पद पर हैं. सोमवार को अपने रिटारयमेंट के पहले अमिताभ जैन ने राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की थी.


बताया जा रहा है कि जिन अफसरों के नाम मुख्य सचिव पद के लिए भेजा गया था उनमें किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन पाई, जिस कारण से अमिताभ जैन को सेवा विस्तार दिया गया है.


रविवार शाम को सीएम विष्णुदेव साय ने भी राज्यपाल से मुलाकात की थी.


अमिताभ जैन का प्रशासनिक करियर 

अमिताभ जैन का जन्म 21 जून 1965 को छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा में हुआ था. स्कूली शिक्षा दल्लीराजहरा में ही हुई.


इसके बाद उन्होंने भोपाल से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री और आईआईटी दिल्ली से सिस्टम मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री प्राप्त की.


साल 1989 में यूपीएससी परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया. 


अमिताभ जैन की पहली पोस्टिंग अविभाजित मध्य प्रदेश के जबलपुर में सहायक कलेक्टर के रूप में हुई थी.


इसके बाद वे नीमच, सरगुजा, ग्वालियर, रायगढ़, छतरपुर, होशंगाबाद, और राजगढ़ जैसे जिलों में विभिन्न पदों पर कार्यरत रहे.


छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद अमिताभ जैन ने रायपुर-बिलासपुर में कलेक्टर के रूप में सेवा दी.


उन्होंने वित्त, गृह, जल संसाधन, वन, जनसंपर्क, और वाणिज्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों में सचिव, प्रमुख सचिव, और अपर मुख्य सचिव के रूप में कार्य किया. 


अमिताभ जैन ने वाणिज्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव और लंदन में भारतीय उच्चायोग में मिनिस्टर (आर्थिक) के रूप में भी कार्य किया.


साल 2024 में उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP