अंबिकापुर: किशोरों को ट्रक ने रौंदा, 1 की मौत, 6 गंभीर
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सांस्कृतिक कार्यक्रम देखकर पैदल घर लौट रहे सात नाबालिग दोस्तों को एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने पीछे से कुचल दिया. इस भीषण टक्कर में सभी किशोर गंभीर रूप से जख्मी हो गए. स्थानीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान एक 15 वर्षीय किशोर ने दम तोड़ दिया, जबकि छह अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है.
घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है.
यह हृदयविदारक घटना उदयपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम डुमरडीह के पास, अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार की देर रात घटित हुई. हादसे का शिकार हुए सभी किशोर पड़ोसी सूरजपुर जिले के ग्राम मंहगई श्रीनगर के रहने वाले हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, विकास अगरिया (15 वर्ष) अपने छह अन्य साथियों के साथ रामगढ़ महोत्सव का आनंद लेने आया था. रात करीब 12 बजे जब सांस्कृतिक कार्यक्रम खत्म हुआ, तो साधन न होने के कारण सभी दोस्त पैदल ही वापस अपने घर की ओर निकल पड़े थे. इसी दौरान डुमरडीह के नजदीक पीछे से आ रहे काल बने ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
टक्कर इतनी भयावह थी कि सभी बच्चे नेशनल हाईवे पर काफी दूर जाकर गिरे. चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचित किया. हादसे में किसी के सिर पर जानलेवा चोट आई है, तो किसी का पैर और जबड़ा टूट गया है.
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को पहले उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहाँ से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया. अस्पताल में उपचार के दौरान विकास अगरिया की मौत हो गई, जिसके बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
इधर, उदयपुर थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रक और उसके चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस की टीमें घटनास्थल और हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रही हैं ताकि आरोपी वाहन की पहचान की जा सके. पुलिस प्रशासन का दावा है कि जल्द ही फरार चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.