रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

अंबिकापुर: मामूली विवाद में पड़ोसी ने की हत्या

C

CG Khabar

03 जुल. 2026, 04:12 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

कुल्हाड़ी
कुल्हाड़ी

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आपसी मेलजोल से रहने वाले दो पड़ोसियों के बीच मामूली सी बात पर विवाद इस कदर बढ़ा कि एक की जान चली गई. मामला लुंड्रा थाना इलाके के बरगीडीह गांव का है, जहां एक शख्स ने अपने ही हम निवाला रहे पड़ोसी पर गैंती से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. अस्पताल में इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल ग्रामीण ने दम तोड़ दिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है.


अस्पताल पहुंचाने में आरोपी के बेटे ने भी की मदद

विज्ञापन


इस हैरान कर देने वाली घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हमलावर और पीड़ित के बीच पहले से कोई दुश्मनी नहीं थी. परिजनों के मुताबिक, दोनों अक्सर साथ उठते-बैठते और खाते-पीते थे. घटना के वक्त जब चीख-पुकार मची, तो आरोपी के बेटे ने ही इंसानियत दिखाते हुए घायल पड़ोसी को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में मदद की. हालांकि, सिर पर आई गंभीर चोटों की वजह से उसे बचाया नहीं जा सका. मेडिकल कॉलेज अस्पताल की पुलिस चौकी ने परिजनों के बयान दर्ज कर केस डायरी लुंड्रा पुलिस को सौंप दी है.


खेत गए थे घरवाले, पीछे से हो गया खूनी खेल


जानकारी के अनुसार, बरगीडीह का रहने वाला 45 वर्षीय जीतू नागेश गुरुवार को घर पर अकेला था, जबकि परिवार के बाकी सदस्य धान की रोपाई करने के लिए खेतों में गए हुए थे. इसी दौरान उसका पड़ोसी बुधराम उसके घर के सामने पहुंचा. दोनों के बीच सामान्य बातचीत चल रही थी, तभी किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते गुस्साए बुधराम ने पास ही रखी गैंती उठाई और जीतू पर जानलेवा वार कर दिया.


वारदात के बाद आरोपी बोला- 'मैंने मार दिया, अब जेल जाऊंगा'


हमले के बाद जीतू लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. इस खूनी खेल को अंजाम देने के बाद आरोपी बुधराम ने खुद ही आसपास के लोगों को इस बात की जानकारी दी. उसने चिल्लाकर ग्रामीणों से कहा कि उसने जीतू को मार डाला है और अब वह जेल जाने के लिए तैयार है. 


शोर सुनकर और ग्रामीणों की सूचना पर खेत से भागते हुए आए परिजनों ने जीतू को बेहद नाजुक हालत में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. फिलहाल पुलिस हत्या की असली वजहों का पता लगाने में जुटी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP