अंबिकापुर: विवाहिता ने लगाई फांसी, दहेज उत्पीड़न का आरोप
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां मैनपाट के कुनिया गांव में एक 23 वर्षीय विवाहिता ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली. मृतका की पहचान मिनी यादव के रूप में हुई है. इस घटना के बाद से ही इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का संगीन आरोप लगाया है.
यह पूरी घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, मृतका का पति अनुज यादव अपनी 18 महीने की मासूम बेटी को साथ लेकर पास की ही एक किराना दुकान पर गया हुआ था.
इसी बीच सूने घर का फायदा उठाकर मिनी यादव ने कमरे में आत्मघाती कदम उठा लिया. जब पति दुकान बंद कर वापस लौटा, तो घटना का पता चला. आनन-फानन में परिजनों ने महिला को फंदे से नीचे उतारा और तुरंत कमलेश्वरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए, जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
करीब 4 साल पहले हुई इस शादी का अंत बेहद दर्दनाक रहा. रविवार को इस मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब कमलेश्वरपुर में दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई.
मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद सोमवार को जिला मुख्यालय अंबिकापुर में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मायके पक्ष के आरोपों को ध्यान में रखते हुए हर पहलू से तफ्तीश शुरू कर दी है.