अंबिकापुर: झाड़-फूंक के बहाने युवती से दुष्कर्म, प्रयागराज का ढोंगी बाबा गिरफ्तार
अंबिकापुर । संवाददाता: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर आकर झाड़-फूंक के नाम पर लोगों को चूना लगाने वाले एक कथित तांत्रिक की करतूत ने मानवता को शर्मसार कर दिया है. गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय युवती को नौकरी लगवाने और शादी का अच्छा रिश्ता दिलाने का झांसा देकर इस ढोंगी ने अपनी हवस का शिकार बना डाला.
हालांकि, वारदात के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर धर दबोचा. अदालत में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया है.
गिरफ्तार किए गए जालसाज की पहचान 29 वर्षीय अमित कुमार गोस्वामी के रूप में हुई है, जो प्रयागराज के सेमरा गांव का रहने वाला है. पुलिस की पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
आरोपी के पास से एक झोला भी मिला है, जिसमें तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को ठगने के लिए अलग-अलग पुड़ियों में पाउडर और अन्य सामग्रियां रखी हुई थीं. उसने स्वीकार किया कि वह इसी तरह भोली-भाली जनता को अपनी बातों में फंसाकर उनसे पैसे और कीमती सामान ऐंठने का धंधा करता था.
यह खौफनाक वारदात 14 जून की सुबह उस वक्त शुरू हुई, जब अमित गोस्वामी पीड़ित युवती की कॉलोनी में घूम-घूमकर लोगों को उनकी परेशानियां दूर करने का दावा कर रहा था.
जब वह पीड़िता के घर पहुंचा, तो उसने युवती के भविष्य को लेकर बड़े-बड़े दावे किए. उसने कहा कि वह अपनी विद्या से उसकी अच्छी जगह शादी करवा देगा और मनचाही नौकरी भी लगवा देगा. इसके बाद उसने युवती को स्नान करने के लिए कहा और झाड़-फूंक का ढोंग रचने लगा.
शातिर आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए बड़ी चालाकी से पूरे परिवार को अलग-अलग कर दिया. उसने पीड़िता की मां को एक मुट्ठी चावल थमाकर पास के ही हनुमान मंदिर भेज दिया और उसकी बहन को कमरे से बाहर जाने को कह दिया.
जैसे ही कमरे में युवती अकेली बची, आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और मौके से रफूचक्कर हो गया. पीड़िता की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और सुभाषनगर इलाके से इस संदिग्ध को दबोच लिया, जो शहर से भागने की फिराक में था.