शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

अंबिकापुर: घुनघुट्टा बांध से 15 घंटे बाद मिला छात्र ऋतिक का शव

C

CG Khabar

26 सित. 2026, 03:08 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

पानी में डूबना
पानी में डूबना

अंबिकापुर । संवाददातता: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में घुनघुट्टा बांध में कूदे 19 वर्षीय कॉलेज छात्र ऋतिक साहू की दुखद मौत हो गई. गुरुवार दोपहर घुनघुट्टा बांध पहुंचे ऋतिक ने अचानक पानी में छलांग लगा दी थी. वहां मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय मछुआरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी गहरा होने के कारण वे असफल रहे. 


सूचना मिलने के बावजूद अंधेरा हो जाने की वजह से गुरुवार शाम रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका. इसके बाद शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने तलाशी अभियान चलाया और करीब 15 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 1 बजे छात्र का शव बरामद कर पुलिस को सौंप दिया.


घटना के कारणों की पड़ताल के दौरान सामने आया कि कदम उठाने से ठीक पहले ऋतिक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक चर्चित हिंदी फिल्म का दृश्य स्टेटस के तौर पर शेयर किया था. हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस सोशल मीडिया पोस्ट और इस घटना के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं, यह जांच का विषय है. 


पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं की गहराई से छानबीन कर रही है.


बिलासपुर चौक (मणिपुर थाना क्षेत्र) का रहने वाला ऋतिक अपने घर का अकेला बेटा था और हाल ही में उसने एक निजी स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी. उसके पिता का निधन कई साल पहले मैनपाट में हुए एक सड़क हादसे में हो गया था, जिसके बाद से उसकी मां अपने दोनों बच्चों के साथ मायके में रहकर उनका पालन-पोषण कर रही थीं. 


होनहार बेटे की इस अचानक हुई मौत से परिवार में गहरा शोक व्याप्त है और परिजन भी किसी स्पष्ट कारण का अनुमान नहीं लगा पा रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP