शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

अंबिकापुर: ट्रक की टक्कर से एल्युमिना प्लांट के AGM की मौत

C

CG Khabar

05 अप्रै. 2026, 02:29 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं. शहर के निकट स्थित लुचकी घाट के पास पत्थलगांव नेशनल हाईवे पर एक अनियंत्रित ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में सिलसिला स्थित एल्युमिना प्लांट के असिस्टेंट जनरल मैनेजर राजेश मिश्रा की जान चली गई.


हादसा शुक्रवार शाम का है जब 45 वर्षीय राजेश मिश्रा अपनी कार से जा रहे थे. लुचकी घाट के करीब एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए. 


घायल अवस्था में भी उन्होंने साहस दिखाते हुए फोन पर अपनी पत्नी को दुर्घटना की जानकारी दी और अस्पताल पहुंचने को कहा. राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल मिशन अस्पताल ले जाया गया.


घटना की सूचना मिलते ही बदहवास पत्नी सबसे पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचीं, लेकिन वहां राजेश का पता नहीं चला. जब तक वह सही जानकारी मिलने पर मिशन अस्पताल पहुंचीं, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया.


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजेश मिश्रा मूल रूप से रायपुर के टिकरापारा (लक्ष्मीनगर, एकता चौक) के निवासी थे. वे वर्तमान में रघुनाथपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिलसिला एल्युमिना प्लांट में एजीएम के पद पर कार्यरत थे और अपनी सेवाओं के लिए अंबिकापुर में ही रह रहे थे.


दुर्घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा. अंबिकापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार ट्रक और उसके चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP