रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

अंबिकापुर: 4 लाख के नशीले इंजेक्शनों के साथ आरोपी गिरफ्तार

C

CG Khabar

17 जून 2026, 02:35 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

आरोपी गिरफ्तार-अंबिकापुर
आरोपी गिरफ्तार-अंबिकापुर

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में आबकारी विभाग की विशेष उड़नदस्ता टीम ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है. विभाग ने महज दो दिनों के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए अंबिकापुर के इमलीपारा क्षेत्र से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं. 


पुलिस और आबकारी की इस संयुक्त घेराबंदी में इस बार एक दुकानदार को दबोचा गया है, जो दुकान की आड़ में युवाओं को नशे का सामान परोस रहा था. पकड़े गए आरोपी की पहचान मोशीम अंसारी के रूप में हुई है, जिसके पास से करीब 4 लाख रुपये मूल्य के इंजेक्शन जब्त किए गए हैं.

विज्ञापन


इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश 15 जून को पकड़े गए एक डिलीवरी ब्वॉय से पूछताछ के बाद हुआ. आबकारी विभाग ने दो दिन पहले वाहिद अंसारी नाम के एक युवक को हिरासत में लिया था, जो जोमैटो/स्विगी जैसी डिलीवरी ब्वॉय की पोशाक पहनकर शहर में नशीली दवाएं सप्लाई करता था. 


वाहिद के पास से 2 लाख रुपये के इंजेक्शन मिले थे. जब विभाग ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने उगला कि वह ये सारी खेप इमलीपारा स्थित शमशुद्दोहा अस्पताल के सामने दुकान चलाने वाले मोशीम अंसारी से खरीदता था. इस इनपुट के आधार पर आबकारी टीम ने तत्काल मोशीम की दुकान पर सुनियोजित तरीके से छापेमारी की.


दुकान की सघन तलाशी के दौरान काउंटर के नीचे छिपाकर रखे गए एक सफेद झोले से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुईं. टीम ने मौके से 200 नग रेक्सोजेसिक (Rexogesic) और 200 नग एविल (Avil) इंजेक्शन जब्त किए. 


आरोपी मोशीम अंसारी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 22बी और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया. मंगलवार को आरोपी को विशेष नारकोटिक्स न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.


सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के मुताबिक, सरगुजा संभाग में नशीले इंजेक्शनों की यह अवैध खेप पड़ोसी राज्य झारखंड से तस्करी कर लाई जा रही है. 


स्थानीय स्तर पर पैडलर और दुकानदार इसे ऊंचे दामों पर स्कूल-कॉलेज के युवाओं और स्थानीय नेटवर्क में खपा रहे थे. आबकारी विभाग अब उन मुख्य सप्लायरों और अंतरराज्यीय कड़ियों की तलाश में जुट गया है, जो झारखंड से अंबिकापुर तक इस सिंथेटिक ड्रग्स की सप्लाई चेन को ऑपरेट कर रहे हैं. आने वाले दिनों में इस मामले में कुछ और चौंकाने वाली गिरफ्तारियां संभव हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP