शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

शराब घोटाले के पैसे से गोवा में लग्जरी होटल खरीदने का आरोप

C

CG Khabar

04 जून 2026, 02:48 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

नलिनीश ठोकने
नलिनीश ठोकने

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में कथित शराब घोटाले को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है. भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके परिवार पर केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय की जांच के हवाले से बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. भाजपा का दावा है कि बघेल के परिवार ने शराब घोटाले की अवैध कमाई का इस्तेमाल गोवा में एक लग्जरी होटल खरीदने के लिए किया है. 


दूसरी तरफ, कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे विपक्ष को बदनाम करने की राजनीतिक साजिश करार दिया है.


भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तरी गोवा स्थित 'द वेस्टिन होटल' को छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले के पैसों से खरीदा गया था. ईडी द्वारा अदालत में पेश की गई छठी चार्जशीट (आरोप पत्र) का हवाला देते हुए भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल के कहने पर होटल खरीदने के लिए 110 करोड़ रुपये गोवा भेजे गए थे. 


भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम मुद्दों पर तुरंत जवाब देने वाले बघेल इतने गंभीर आरोपों पर मौन क्यों हैं. भाजपा का आरोप है कि शराबबंदी का वादा कर सत्ता में आने वाली कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को अपना 'एटीएम' बना लिया था.


इस तीखे हमले पर पलटवार करते हुए कांग्रेस ने इसे अपनी पार्टी और नेताओं की छवि खराब करने का एक सुनियोजित षड्यंत्र बताया है. प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाना भाजपा का प्राथमिक काम बन चुका है. 


उन्होंने सवाल उठाया कि ईडी लगातार दावे तो कर रही है, लेकिन अब तक बघेल या उनके परिवार के खिलाफ कोई भी पुख्ता और अकाट्य सबूत सार्वजनिक नहीं कर पाई है. 


कांग्रेस का कहना है कि पहले इस घोटाले को 6000 करोड़ रुपये का बताया गया और बाद में यह आंकड़ा घटकर 1000 करोड़ रुपये पर आ गया, जो खुद जांच एजेंसी की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करता है. कांग्रेस के अनुसार, यह पूरा मामला केवल राजनीतिक दुष्प्रचार है और बिना किसी ठोस आधार के इन आरोपों को अदालत में साबित करना नामुमकिन होगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP