शाह के बाद देवड़ा के बिगड़े बोल, मचा बवाल
छत्तीसगढ़ मप्र. के डिप्टी सीएम देवड़ा ने किया सेना का अपमान
भोपाल | डेस्कः मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार में मंत्री विजय शाह के विवादित बयान का शोर अभी थमा नहीं था कि मप्र.के ही डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के बयान को लेकर बवाल मच गया है. जगदीश देवड़ा ने शुक्रवार को ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहेंगे और पूरा देश, देश की वो सेना, वो सैनिक..उनके चरणों में नतमस्तक हैं.
वह जबलपुर में सिविल डिफेंस वालिंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. उनके बयान को कांग्रेस ने सेना के शौर्य का अपमान बताया है.
कांग्रेस ने डिप्टी सीएम देवड़ा के इस बयान को 'सेना विरोधी' बताते हुए उनके इस्तीफ़े की मांग की है.
कांग्रेस के साथ ही देवड़ा के बयान को लेकर सोशल मीडिया में लोग भाजपा को घेरने लगे हैं.
इससे पहले प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी पर दिए गए विवादास्पद बयान पर काफी हंगामा हुआ और हाईकोर्ट ने फटकार लगाते हुए शाह पर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया. हंगामे और हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बावजूद अभी तक भाजपा ने अपने मंत्री से इस्तीफा नहीं लिया है और न ही पार्टी से निष्कासित किया है.
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जगदीश देवड़ा का वीडियो पोस्ट कर लिखा, "यह सेना के शौर्य पराक्रम का घोर अपमान है. माफ़ी से काम नहीं चलेगा. इस आदमी को तो आपको बर्ख़ास्त करना ही पड़ेगा मोदी जी- घटिया, बेहद घटिया घिनौनी सोच है यह".
सेना का घोर अपमान किया
जगदीश देवड़ा के बयान पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि भाजपा के नेताओं की ओर से लगातार हमारी सेना का अपमान अत्यंत शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है.
पहले मध्य प्रदेश के एक मंत्री ने महिला सैनिकों पर अभद्र टिप्पणी की और अब उनके उपमुख्यमंत्री ने सेना का घोर अपमान किया है. "पूरे देश की जनता सेना के शौर्य पर गौरवान्वित है लेकिन बीजेपी के लोग सेना को अपमानित कर रहे हैं और बीजेपी अपने इन नेताओं पर कार्रवाई करने की जगह उन्हें बचाने में पूरा ज़ोर लगा रही है. बीजेपी ऐसा करके हमारी सेना और देशवासियों को क्या संदेश देना चाहती है?"
जगदीश देवड़ा ने कहा था
डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा जबलपुर में एक कार्यक्रम में मंच से पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के बारे में बात कर रहे थे.
इस दौरान उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर कहा, "यशस्वी प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहेंगे. पूरा देश, देश की वो सेना, वो सैनिक, उनके चरणों में नतमस्तक हैं. उनके चरणों में पूरा देश नतमस्तक है. उन्होंने जो जवाब दिया है, उसकी जितनी सराहना की जाए, जितना कहा जाए, एक बार उनके लिए जोरदार तालियां बजाकर स्वागत करिए".
डिप्टी सीएम देवड़ा के इस बयान के बाद मध्य प्रदेश में कांग्रेस उनके इस्तीफ़े की मांग कर रही है.
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी निरंकुश हो गई है. उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि सेना मोदी जी के चरणों में है. इनका दिमाग सटकने लगा है.
सेना के खिलाफ इतनी आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे तो मुख्यमंत्री जी क्या कर रहे हैं? "ये सारे देश विरोधी, सेना विरोधी और महिला विरोधी बयान बीजेपी की असली मानसिकता को दर्शाते हैं.
एक मंत्री सेना की महिला अफसर के बारे में ग़लत कहता है, दूसरी तरफ उपमुख्यमंत्री सेना के सम्मान के ख़िलाफ़ बयान दे रहे हैं, आखिर बीजेपी कब ऐसे दोषियों पर कार्रवाई करेगी?"
सुरक्षा एजेंसीज का मनोबल क्यों गिरा रहे
राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि आप क्या कह रहे हैं देवड़ा जी. मोदी जी और देश की जनता हमारी वीर सेना के प्रति समर्पित और नतमस्तक है. आप लोग देश की और सुरक्षा एजेंसीज का मनोबल क्यों गिरा रहे हैं.
डिप्टी सीएम देवड़ा के बयान के बाद कांग्रेस हमलावर है.
बयान पर बवाल मचने के बाद देवड़ा की सफाई
डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने सफाई देते हुए कहा है कि दो दिवसीय जबलपुर प्रवास के दौरान सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स के प्रशिक्षण सत्र में सेना के प्रति सम्मान प्रदर्शित करते हुए मैंने जो भाषण दिया है, उसे कांग्रेस तोड़-मरोड़कर देश को गुमराह कर रही है.
मैंने अपने भाषण में कहा था कि देश की सेना ने ऑपरेशन सिंदूर में जो कार्य किया है उसकी जितनी सराहना की जाये, कम है. देश की सेना के लिए पूरे देश की जनता, सेना और सैनिकों के चरणों में नतमस्तक है. मेरे इस बयान को गलत ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है. मेरा पूरा भाषण सेना के सम्मान में हे.