पंजाब के सरपंच की हत्या के आरोपी रायपुर से गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े एक सरपंच की सनसनीखेज हत्या के मामले में बड़ी सफलता मिली है. हत्या को अंजाम देने वाले दो शूटरों को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपियों की पहचान सुखराज और करमवीर के रूप में हुई है.
पंजाब पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि तकनीकी इनपुट और लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर जांच टीम को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी रायपुर में छिपे हुए हैं. इसके बाद पंजाब पुलिस और रायपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने राजेंद्र नगर इलाके के ऋषभ अपार्टमेंट्स में छापा मारकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को रायपुर की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से पंजाब पुलिस ने उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर अमृतसर ले गई. वहीं, रायपुर पुलिस भी मामले से जुड़े पहलुओं को लेकर आरोपियों के रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है.
गौरतलब है कि 4 जनवरी को तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के सरपंच जरमाल सिंह की अमृतसर स्थित मैरी गोल्ड रिजॉर्ट में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वह एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए वहां पहुंचे थे.
इसी दौरान दो हमलावर उनके पास आए और बेहद नजदीक से सिर में गोली मार दी. गोली लगते ही सरपंच मौके पर गिर पड़े. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
इस दिल दहला देने वाली वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें दोनों शूटर पिस्तौल के साथ सरपंच के पास जाते और गोली मारकर फरार होते दिखाई देते हैं. जांच में यह भी सामने आया है कि जरमाल सिंह पर इससे पहले भी तीन बार हमला हो चुका था.
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें गैंगस्टर डोनी बल और प्रभ दासूवाल ने इस हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था. पुलिस अब इस हत्याकांड की साजिश, आपराधिक नेटवर्क और मास्टरमाइंड की भूमिका की गहन जांच कर रही है.