नाबालिग छात्रा को अगवा कर दुष्कर्म करने वाला आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से लापता हुई एक स्कूली छात्रा को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के नवी मुंबई से सकुशल बरामद कर लिया है. पीड़िता को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ यौन शोषण करने के गंभीर आरोप में उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी 20 वर्षीय राज मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद 25 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
यह पूरा मामला 7 अगस्त को तब शुरू हुआ जब कुण्डा थाना क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग छात्रा रोजाना की तरह स्कूल के लिए घर से निकली, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू की.
तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के बयानों और स्थानीय इनपुट के आधार पर कबीरधाम पुलिस को सुराग मिला कि छात्रा महाराष्ट्र में है. इसके बाद पुलिस टीम ने नवी मुंबई के एरौली गांव में छापेमारी कर आरोपी के कब्जे से लड़की को मुक्त कराया.
महिला नोडल अधिकारी के समक्ष दिए गए बयानों के अनुसार, आरोपी युवक छात्रा को पहले तखतपुर से बिलासपुर रेलवे स्टेशन ले गया और फिर ट्रेन के जरिए कल्याण होते हुए मुंबई स्थित अपने किराए के मकान में ले आया, जहां उसने पीड़िता के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए.
पीड़िता के बयान और मेडिकल जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 64(2)(M), 87 और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 6 के तहत कड़े प्रावधान जोड़ दिए हैं.
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य और कपड़े भी जब्त किए हैं. 13 अगस्त को औपचारिक गिरफ्तारी के बाद अदालत ने विवेचना जारी रहने और साक्ष्य जुटाने की आवश्यकता को देखते हुए आरोपी को जेल भेजने का आदेश दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों पर प्राथमिकता से सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.