शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

सेल्फी लेते वक्त वाटरफॉल में हादसा, नाबालिग की मौत

छत्तीसगढ़ के बस्तर के तीरथगढ़ वॉटरफॉल में गिरने से नाबालिग की मौत

C

CG Khabar

01 जून 2025, 12:53 PM 3 मिनट में पढ़ें 1

तीरथगढ़ वॉटरफॉल
तीरथगढ़ वॉटरफॉल

जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के तीरथगढ़ वॉटरफॉल में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया. यहां एक नाबालिग युवक की वाटरफॉल की उंचाई से सेल्फी लेते वक्त पैर फिसलने से नीचे कुंड में गिरकर मौत हो गयी.


पिछले कुछ दिनों से लगातार बस्तर में हो रही बारिश की वजह से वॉटरफॉल में जल का स्तर बढ़ गया है. जिसके चलते युवक के शव को ढूंढने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.


जानकारी के मुताबिक विशाखापट्टनम से 2 परिवार जिसमें 23 लोग शामिल हैं, यह सभी बस्तर के पर्यटन स्थल घूमने आए हुए थे. ये लोग सबसे पहले तीरथगढ़ वॉटरफॉल पहुंचे.


यहां तीरथगढ़ वॉटरफॉल में फोटो खिंचाते वक्त पवन सात्विक राव नाम का 17 वर्षीय नाबालिग तीरथगढ़ वाटरफॉल के ऊपर सेल्फी लेने चले गया और यहां पर फिसलने से सीधे नीचे कुंड में गिर गया.


वहां मौजूद स्थानीय गोताखोरों ने नाबालिग के शव को ढूंढने में काफी मशक्कत की, लेकिन सफल नहीं होने के बाद मौके पर पहुंची दरभा पुलिस ने इसकी सूचना एनडीआरएफ को दी.


कई घंटे की खोजबीन के बाद एनडीआरएफ के जवानों ने शव को ढूंढ़ निकाला.


2 सालों में छठवीं घटना

इधर युवक के पोस्टमार्टम के बाद उसके शव को परिजनों को सौंप दिया गया. बस्तर के तीरथगढ़ में ही पिछले दो सालों में यह 6वीं घटना है, जिसमें वॉटरफॉल के ऊपर से गिरने से पर्यटक की मौत हो गयी.


वाटरफॉल में पर्यटकों के द्वारा लापरवाही बरतने के चलते इस तरह के हादसे लगातार बढ़ रहे हैं. वहीं पर्यटन विभाग ने भी यहां पर्यटकों की सुरक्षा के लिए कोई खास इंतजाम नहीं किया है.


जिस वजह से इस तरह के हादसे लगातार बढ़ रहे हैं.


पर्यटन स्थल में सुरक्षा के नहीं हैं इंतजाम

दरभा के थाना प्रभारी सी.आर नाग ने बताया कि सूचना मिलते ही उनकी टीम तीरथगढ़ पर्यटन स्थल पहुंची. स्थानीय गोताखोरों के द्वारा नाबालिग के शव की खोजबीन की जा रही थी, जिसके बाद एनडीआरएफ की टीम को इसकी सूचना दी गई.


थाना प्रभारी ने बताया कि बारिश की वजह से तीरथगढ़ वॉटरफॉल का जलस्तर बढ़ा हुआ है. शव मिलने के बाद मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया है. 


पर्यटन स्थल में सुरक्षा के सवाल पर थाना प्रभारी सी.आर नाग ने कहा कि दरभा थाना से भी यहां जवानों की ड्यूटी लगाई जाती है, लेकिन वाटरफॉल के ऊपर इस हादसे के दौरान किसी को पता नहीं चला.


वाटरफॉल के ऊपर से सेल्फी लेने के चलते नाबालिग का पैर फिसला और वह कुंड में जा गिरा. सुरक्षा के लिहाज से यहां फेनसिंग की गई है.


इसके बावजूद पर्यटक इसे पार कर सेल्फी लेने के लिए जाते हैं और इस तरह के हादसे का शिकार हो जाते हैं. फिलहाल इस हादसे के बाद पर्यटन स्थल में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP