शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

आधार कार्ड में जानकारी सुधारने का खर्च बढ़ा, जानें अब कितना हुआ

C

CG Khabar

10 अक्टू. 2025, 06:20 PM 3 मिनट में पढ़ें 1

आधार कार्ड
आधार कार्ड

नई दिल्ली । डेस्क: आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि, फोटो या उंगलियों के निशान समेत किसी भी तरह की जानकारी को अपडेट करने का खर्च बढ़ा दिया गया है. यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने हाल ही में नया शुल्क ढांचा (New Fee Structure) घोषित किया है, जो 30 सितंबर 2028 तक लागू रहेगा. 


अक्टूबर 2028 में इस ढांचे पर फिर से विचार किया जाएगा. लगभग पाँच साल बाद आधार सुधार के खर्च में यह पहला बड़ा बदलाव है.

विज्ञापन


UIDAI के नए दिशानिर्देशों के अनुसार, आधार में नाम, पता या अन्य डेमोग्राफिक जानकारी (जैसे जन्मतिथि, लिंग) में सुधार का खर्च अब ₹75 तय किया गया है, जो पहले ₹50 था. 


वहीं, बायोमेट्रिक जानकारी जैसे कि उंगलियों के निशान, आँखों की पुतली का स्कैन या चेहरे की फोटो में बदलाव के लिए अब ₹125 देने होंगे, जबकि पहले यह खर्च ₹100 था. यानी, दोनों ही मामलों में सुधार शुल्क में ₹25 की वृद्धि हुई है.


हालांकि, बच्चों के लिए इस नए नियम में कुछ विशेष छूट रखी गई है. UIDAI ने बताया है कि जन्म के बाद पहला आधार कार्ड बनाने के लिए कोई शुल्क नहीं लगेगा. इसके अलावा, बच्चों के लिए निर्धारित उम्र में बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा निःशुल्क रहेगी. 


पाँच साल की उम्र में पहली बार बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य है, इसके बाद पाँच से सात साल की उम्र के बीच दोबारा और पंद्रह से सत्रह साल की उम्र के बीच फिर से अपडेट कराना होगा. ये सभी अपडेट पूरी तरह मुफ्त किए जा सकेंगे.


UIDAI ने स्पष्ट किया है कि यह शुल्क ढांचा केवल आधार जारी होने के बाद किसी जानकारी में बदलाव करने पर ही लागू होगा. यानी, पहली बार आधार बनाने में कोई खर्च नहीं लगता है. इस नए नियम के तहत, नाम, पता, जन्मतिथि, लिंग, बायोमेट्रिक जानकारी या सहायक दस्तावेज़-किसी भी बदलाव के लिए निर्धारित शुल्क देना होगा.


साथ ही, UIDAI ने उन नागरिकों के लिए भी विशेष सुविधा शुरू की है, जो उम्र, बीमारी या अन्य कारणों से आधार नामांकन केंद्र (Aadhaar Enrolment Centre) पर नहीं जा सकते. अब UIDAI “doorstep service” या घर बैठे आधार अपडेट की सुविधा दे रहा है. 


इस सेवा के लिए एक व्यक्ति के घर जाकर आधार नामांकन या अपडेट का खर्च ₹700 तय किया गया है. यदि एक ही परिवार के कई सदस्य एक साथ यह सेवा लेते हैं, तो पहले व्यक्ति के लिए ₹700, और उसके बाद के प्रत्येक सदस्य के लिए खर्च ₹350 होगा.


UIDAI ने कहा है कि इन परिवर्तनों का उद्देश्य आधार अपडेट प्रक्रिया को अधिक सटीक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP