बिलासपुर में बाघ ने किसान पर किया हमला
छत्तीसगढ़ बिलासपुर में बाघ ने किसान पर किया हमला
बिलासपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में गुरुवार को एक बाघ ने किसान पर हमला कर दिया. किसान सुबह अपने खेत की सिंचाई करने जा रहा था. उसी समय बाघ से उसका सामना हो गया.
बाघ के हमले से किसान गंभीर रूप से घायल हो गया. किसान को बिलासपुर जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार तखतपुर थाना क्षेत्र के शिवकुमार जायसवाल गुरुवार की सुबह करीब 6 बजे खेत जाने के लिए निकले थे. उनका खेत कठमुण्डा के तुरतुरिया खार में है. वह अधिया पर जमीन लेकर खेती करते हैं.
उसी दौरान पुलिया के अंदर छिपे बाघ ने उन पर अचानक हमला कर दिया. किसी तरह वह बाघ से जान बचाकर वहां से भाग निकले. बाघ के हमले से किसान के हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोट आई है.
घायल किसान को पहले तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. हालांकि वन विभाग ने बाघ के हमले की पुष्टि नहीं की है. वन विभाग की टीम क्षेत्र में बाघ की तलाश में जुट गई है.
वहीं कुछ ग्रामीणों ने दावा किया है कि बाघ कठमुंडा गांव से निकलकर चोरमा गांव पहुंच गया है. बाघ को नदी किनारे घूमते हुए देखा गया है. रिहायशी इलाके में बाघ के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.