रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

आबकारी विभाग के तीन अधिकारी निलंबित, 6 को नोटिस

H

Hupendra Sharma

07 मई 2025, 09:48 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

तीन अधिकारी निलंबित
तीन अधिकारी निलंबित

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में आबकारी विभाग ने काम में लापरवाही बरतने के कारण तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है. वहीं 6 सीनियर अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.


अधिकारियों ने अवैध शराब के परिवहन, संग्रहण और कारोबार पर रोक लगाने में लापरवाही की थी. जिन अधिकारियों पर कार्रवाई की गई वे बलौदाबाजार, महासमुंद और राजनांदगांव जिले के हैं.

विज्ञापन


यह कार्रवाई मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर हुई है. मुख्यमंत्री ने राज्य में शराब के अवैध परिवहन, संग्रहण एवं कारोबार पर कड़ाई से रोक लगाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए थे.


राज्य स्तरीय उड़नदस्ते की टीम ने औचक निरीक्षण में बलौदाबाजार, महासमुंद और राजनांदगांव जिले में अवैध शराब जब्त की थी.


उड़नदस्ते की टीम ने बलौदाबाजार जिले के ग्राम बनसांकरा में अप्रैल माह में छापामार कार्रवाई की थी. जिसमें मध्यप्रदेश की 104 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की थी.


इसी मामले में लापरवाही बरतने के कारण जिले के सर्किल प्रभारी मोतिन बंजारे को निलंबित किया गया है.


साथ ही जिला आबकारी अधिकारी गजेन्द्र सिंह, सहायक आबकारी अधिकारी एवं मंडल प्रभारी जलेस सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.

महासमुंद में मुकेश वर्मा निलंबित

इसी प्रकार उड़नदस्ते की टीम ने महासमुंद जिले के बागबाहरा में 3 मई को 14 पेटी देशी शराब, 8 पेटी गोवा, 14 पेटी ओडिशा राज्य की बीयर एवं 13 नग अंग्रेजी शराब जब्त की थी.


इस मामले में सर्किल बागबाहरा के प्रभारी मुकेश कुमार वर्मा को निलंबित कर दिया गया है.


साथ ही जिला आबकारी अधिकारी निधिश कोष्ठी और मंडल प्रभारी उत्तम बुद्ध भारद्वाज को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.

राजनांदगांव में शराब के साथ नकली होलोग्राम जब्त

राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ के ग्राम करवारी लतमर्रा मार्ग के एक फार्म हाउस में पुलिस ने छापामार कार्रवाई करते हुए 432 पेटी विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब और भारी मात्रा में खाली बोतल, ढक्कन, लेबल एवं 4 हजार नग होलोग्राम जब्त किया था.


इस मामले में सर्किल डोंगरगढ़ के प्रभारी अनिल कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है. 


जबकि राजनांदगांव के तत्कालीन सहायक आबकारी आयुक्त यदुनंदन राठौर एवं मंडल प्रभारी संदीप सहारे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP