फिर गरजेंगे और बरसेंगे बादल, कोरबा में गाज से 3 छात्र झुलसे
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज कुछ बदला हुआ रहेगा. आज से 15 मई तक प्रदेश के 31 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. बलरामपुर और सूरजपुर जिले को इस सूची से बाहर रख गया है.
इस दौरान कुछ हिस्सों में 40 से 60 किमी की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं. कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी आशंका है.
15 मई के बाद तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ेगा. सोमवार को प्रदेश में सबसे गर्म दुर्ग जिला रहा. यहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
हालांकि प्रदेश में पिछले तीन चार दिनों से बारिश और गरम चमक की गतिविधि कम हो गई थी. इससे पारा चढ़ने लगा था.
भीषण गर्मी और तेज धूप से लोग बेहाल होने लगे थे. इस बीच एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है.
अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. साथ ही कई जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार बिहार और झारखंड से जुड़ी द्रोणिका रेखा, पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी तंत्रों के प्रभाव के चलते प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा.
आज एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है.
कुछ इलाकों में अंधड़ चलने और वज्रपात होने की भी संभावना है. वहीं अधिकतम तापमान में हल्की वृद्धि का दौर भी जारी रहने की संभावना है.
कोरबा में बिजली गिरने से 3 छात्र झुलसे
इधर कोरबा जिले के कुरुडीह गांव में सोमवार की शाम बिजली गिरने से 3 छात्र झुलस गए.
घटना के समय तीनों गांव के तालाब के पास खड़े थे. इसी दौरान तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई.
बारिश से बचने के लिए तीनों एक पेड़ के नीचे चले गए. इस दौरान अचानक बिजली गिरने से तीनों बेहोश होकर गिर पड़े. कुछ देर बाद एक छात्र को होश आया.
घायल तीनों छात्रों का नाम मनीष कश्यप, संदीप और लोकेश कुमार है और तीनों कक्षा नौवीं में पढ़ते हैं.
इनमें से मनीष और लोकेश गंभीर रूप से झुलस गए हैं. दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.