तापमान पहुंचा 42 डिग्री, शाम को अंधड़-बारिश का दौर भी जारी
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. दिन में तेज धूप के साथ गर्मी पड़ रही है. तापमान भी 42 डिग्री के करीब पहुंच गया है.
दूसरी ओर शाम होते ही मौसम करवट लेने लगता है. कहीं आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश तो कहीं झमाझम बारिश देखने को मिलती है.
मौसम विभाग की माने तो गुरुवार को कांकेर-नारायणपुर समेत 9 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान आंधी-तूफान के साथ कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका जताई है.
अगले दो दिन यानी 16 और 17 मई तक मध्य छत्तीसगढ़ और बस्तर संभाग के जिलों में यही स्थिति रहेगी.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवातीय सर्कुलेशन के चलते छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक मौसम में अस्थिरता बनी रहेगी.
आज राजधानी रायपुर में गरज-चमक के साथ बौछारें पढ़ने की संभावना है. इसके बाद भी तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है.
गुरुवार यानी 15 मई को प्रदेश के धमतरी, गरियाबंद, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और सुकमा जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है.
दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए स्थितियां अनुकूल
मौसम एक्सपर्ट के मुताबिक दक्षिण पश्चिम मानसून के लिए भी स्थितियां अनुकूल हो रही हैं.
अगले चार-पांच दिन के दौरान दक्षिण अरब सागर मालदीप, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, पूरे अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर और मध्य बंगाल की खाड़ी की कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ सकता है.
बंगाल की खाड़ी के दक्षिण भाग, निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर के ऊपर पछुआ हवाओं के प्रभाव में वृद्धि हुई है. इससे मानसून तेजी से आगे बढ़ने की उम्मीद है.
दक्षिण-पश्चिम मानसून आमतौर पर एक जून को केरल में दस्तक देता है, लेकिन इस बार केरल में समय से पांच दिन पहले यानी 27 मई को मानसून आने की संभावना है. हालांकि अभी कुछ कहना मुश्किल है.
बिलासपुर रहा सबसे गर्म
बुधवार को बिलासपुर सबसे गर्म रहा. यहां तापमान 41.8 डिग्री दर्ज किया गया है.
इसी तरह बिलासपुर संभाग के मुंगेली जिले में दिन का तापमान 40.8 डिग्री तक पहुंच गया है. वहीं रायगढ़ में 39.8 डिग्री, गौरेला-पेड्रा-मरवाही में 39. 8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है.
दूसरी ओर बस्तर संभाग में पिछले 24 घंटे में तेज हवाओं के साथ कई जगह बारिश हुई है. तोकापाल में 40 मिलीमीटर और जगदलपुर में 20 मिलीमीटर बारिश हुई.
बुधवार को जगदलपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री रहा. जो सामान्य से करीब 5 डिग्री कम था. बस्तर संभाग के कुछ जिलों में अगले 3 दिन आंधी-बारिश जैसे हालात रहेंगे.