छापा मुझे बदनाम करने की साजिश-भूपेश
छत्तीसगढ़ छापा मुझे बदनाम करने की साजिश- भूपेश
भिलाई | संवाददाताः ईडी की छापेमारी के बाद पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि ईडी को मेरे घर से कुछ नहीं मिला है. उन्होंने ईडी पर बदनाम करने की साजिश का आरोप लगाया है.
कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पोस्ट कर लिखा है कि ED घर से चली गई है.
मेरे घर में उनको तीन चीजें मिली हैं.
1. मंतूराम और पुनीत गुप्ता (डॉ. रमन सिंह के दामाद) के बीच करोड़ों के लेनदेन की बातचीत की पेन ड्राइव.
2. डॉ. रमन सिंह जी के पुत्र अभिषेक सिंह की सेल कंपनी के कागज.
3. पूरे संयुक्त परिवार में खेती, डेयरी, स्त्रीधन, “ कैश इन हैंड” मिलाकर लगभग 33 लाख रुपये जिनका हिसाब उनको दिया जाएगा.
आगे उन्होंने लिखा है कि ED के अधिकारी कोई ECIR नंबर नहीं दे पाए हैं.
ईडी की पूछताछ के बाद घर से बाहर निकलते ही कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है. इसलिए कांग्रेस के नेताओं को बदनाम करने षड़यंत्र किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि विधानसभा में सवाल पूछना गुनाह हो गया है. विधायक कवासी लखमा ने सदन में सवाल पूछ लिया था तो उसके घर ईडी की टीम आ गई थी. अब मैंने सवाल पूछ लिया तो मेरे घर भी ईडी की टीम आ गई. पता नहीं भाजपा सरकार और कितने कांग्रेसी नेताओं के घर ईडी को भेजने वाली है.
उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ ईडी के पास कोई सबूत नहीं हैं. यह सब षड्यंत्र का हिस्सा है.
सीडी कांड में मेरे बरी होने से सब बैखला गए हैं. अब कोई मुद्दा नहीं हैं तो षड़यंत्र रचा जा रहा है. ईडी का उद्देश्य मुझे सिर्फ बदनाम करना था. ईडी भाजपा सरकार की कठपुतली है. विष्णुदेव साय जो कहते हैं, ईडी वही करती है. हम भी समय आने पर इन सबका हिसाब लेंगे.
उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल की आवाज दबाने की ताकत किसी में नहीं है.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भिलाई-3 स्थित आवास पर ईडी ने सोमवार तड़के छापेमारी की शुरुआत की . करीब 10 घंटे तक ईडी की टीम ने भूपेश बघेल के घर जांच पड़ताल की. इस दौरान घर के बाहर भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ ही कई कांग्रेसी विधायक मौजूद रहे.
ईडी की कार्रवाई खत्म होने के बाद भूपेश बघेल घर से बाहर निकले और सभी से मुलाकात की.