दंतेवाड़ा में 6 माओवादियों का समर्पण
छत्तीसगढ़ दंतेवाड़ा में 6 माओवादियों का समर्पण
दंतेवाड़ा | संवाददाता। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पुलिस ने दावा किया है कि लोन वर्राटू (घर वापस आईये ) अभियान से प्रभावित होकर 6 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है.
इनमें से तीन पर ईनाम घोषित होने के साथ ही कुल 13 लाख के इनामी बताए जा रहे हैं.
पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पित सभी 6 माओवादी अलग-अलग एरिया और अलग-अलग घटनाओं में शामिल रहे हैं.
8 लाख की इनामी बताई जा रही महिला माओवादी शांति मण्डावी पूर्वी बस्तर डिवीजन अन्तर्गत कंपनी नम्बर 6 के सदस्य के रूप में सक्रिय बताई जा रही हैं.
3 लाख इनामी सुखराम उर्फ बादल उत्तर सब जोनल के सदस्य थे. आत्मसमर्पण करने वाले प्रकाश उर्फ चिन्हा पर 2 लाख रुपए का इनाम घोषित था.
उसे जगरगुण्डा एरिया कमेटी में बैयमपल्ली आरपीसी सीएनएम का अध्यक्ष बताया जा रहा है. वहीं मुकेश उर्फ कमलू सुंडाम इसी कमेटी के उपाध्यक्ष थे.
महिला माओवादी मुचाकी सन्नी बुरगुम आरपीसी केएएमएस सदस्य थीं. इसी तरह मुड़ाम जगरगुण्डा एरिया कमेटी में परलागट्टा संघम सदस्य के रूप में सक्रिय थे.
आत्मसमर्पण करने वाली एक और महिला माओवादी शांति मण्डावी कंपनी नम्बर 6 की सदस्य थीं. वह वर्ष 2024 में ग्राम थुलथुली-गवाड़ी के जंगल में हुए नक्सली-पुलिस मुठभेड़ में शामिल थी.
वहीं माओवादी सुखराम उर्फ बादल इसी साल कोड़तामरका मुठभेड़ में शामिल थे.