रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में फिर से आंधी-तूफान का अलर्ट जारी

H

Hupendra Sharma

03 मई 2025, 08:08 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

आंधी-तूफान
आंधी-तूफान

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में दो दिन पहले कहर बनकर आए आंधी-तूफान से लोग संभले भी नहीं और मौसम विभाग ने अगले 3 दिन यानी 6 मई तक आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है.


साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की है. इस दौरान कुछ इलाकों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है.

विज्ञापन


आज भी कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं.


मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के पास हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. वहीं दूसरी तरफ हरियाणा से केरल तक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है.


इसी प्रकार एक पूर्व-पश्चिम दिशा की द्रोणिका उत्तर-पूर्व राजस्थान से शुरू होकर उत्तर मध्य प्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल होते हुए बांग्लादेश तक फैली हुई है, जो लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है. जिसकी वजह से छत्तीसगढ़ में मौसम बदला हुआ है.


इसके प्रभाव से आने वाले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. गर्मी का असर बना रहेगा, लेकिन गरज-चमक और बारिश से थोड़ी राहत जरूर महसूस होगी.


शनिवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है.


कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात होने और ओलावृष्टि होने की भी संभावना है.


दूसरी ओर पिछले 24 घंटों में राज्य के कई स्थानों पर तेज हवा और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई है.


जिसमें घुमका में 3, चांपा, सोनाखान, दुर्ग, गोबरा नवापारा, भानुप्रतापुर, बालोद, बीजापुर व थानखहरिया में दो-दो सेमी पानी गिरा है. इसी तरह अर्जुंदा, बोड़ला, कवर्धा, देवकर, अभनपुर, अहिवारा, धमधा, राजनांदगांव, गिधौरी टुंड्रा, पिपरिया व कई स्थानों पर एक-एक सेमी बारिश दर्ज की गई.


पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 37.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पेण्ड्रा रोड में 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.


शनिवार को राजधानी रायपुर में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. दिन का तापमान 39 डिग्री तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री रह सकता है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP