रायगढ़ में मंदिर टूटने से बवाल
रायगढ़ में मंदिर तोड़ने से बवाल
रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के भाटनपाली गांव में हनुमान मंदिर तोड़ने के कारण तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. हिन्दू संगठनों के साथ ही ग्रामीणों ने क्रिश्चियन समाज पर तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए चर्च पर भगवा झंडा फहरा दिया.
इसके बाद मामले ने काफी तूल पकड़ लिया. घटना के बाद से गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.
पुलिस के मुताबिक मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है. भाटनपाली गांव में हनुमान मंदिर के ठीक सामने एक चर्च है.
बुधवार को ग्रामीणों ने देखा कि हनुमान मंदिर को किसी ने तोड़कर धराशायी कर दिया है. हालांकि मंदिर में अभी मूर्ति की स्थापना नहीं हुई थी.
इसकी खबर गांव में फैलते ही काफी संख्या में ग्रामीण मंदिर स्थल पर पहुंच गए. घटना की सूचना पुलिस और हिन्दू सगंठनों को दी गई.
कुछ देर में ही हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता घटना स्थल पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिए.
गांव के सरपंच जसकेतन झरिया का कहना है कि इस मंदिर को निर्मल सारथी ने बनवाया था. इसके बाद वह हिन्दू धर्म को छोड़कर ईसाई धर्म को अपना लिया.
शंका जताई जा रही है कि इसी के चलते उसी ने ही मंदिर को तोड़ दिया है. पुलिस पूछताछ के लिए उसे अपने साथ ले गई है.
इस घटना से गुस्साए ग्रामीण गैंती, फावड़ा लेकर चर्च तोड़ने की कोशिश करने लगे.
घटना की सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी और साइबर प्रभारी डीएसपी अनिल विश्वकर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को किसी तरह रोका.
इस बीच पुलिस और हिन्दू संगठन के लोगों के बीच झड़प भी हुई. इसी दौरान एक युवक ने चर्च में चढ़कर भगवा ध्वज फहरा दिया. पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है.
सीएसपी आकाश शुक्ला ने बताया कि हनुमान मंदिर में फिलहाल प्रतिमा नहीं है. अभी मंदिर में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा नहीं हुई है.
पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. फिलहाल गांव में तनाव बना हुआ है लेकिन पुलिस की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में है. पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है.