छत्तीसगढ़ में आज से राजिम कुंभ कल्प शुरू
राजिम | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के पवित्र त्रिवेणी संगम राजिम में आज बुधवार से राजिम कुंभ कल्प का प्रारंभ होने जा रहा है.
इससे पहले ही माघ पूर्णिमा के अवसर पर आज सुबह से हजारों श्रद्धालुओं ने महानदी में आस्था की डूबकी लगाई.
पवित्र स्नान के बाद श्रद्धालु भगवान राजीव लोचन का दर्शन करने पहुंचे.
छत्तीसगढ़ के प्रयाग के रूप में प्रसिद्ध राजिम में माघ पूर्णिमा से महाशिवरात्रि तक आयोजित होने वाले राजिम कुंभ कल्प 2025 का आज से आगाज होने जा रहा है.
आज शाम को राज्यपाल रमेन डेका कुंभ का शुभारंभ करेंगे. यह कुंभ 26 फरवरी तक चलेगा.
राज्य सरकार द्वारा इस साल मेला स्थल में परिवर्तन किया गया है.
इस बार मेला संगम स्थल में ना लगाकर वहां से 750 मीटर दूर लक्ष्मण झूला और चौबे बांधा के बीच लगाया गया है.
मेला के लिए 54 एकड़ जमीन का चयन किया गया है. जहां भव्य मेला लगाया गया है.
इस बार पंचकोशी धाम थीम
इस वर्ष मेले की थीम ‘पंचकोशी धाम’ पर आधारित होगी. जिसके चलते धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन, संत समागम और आध्यात्मिक संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा.
इस बीच 21 से 26 फरवरी तक विराट संत समागम होगा. 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर शाही स्नान का आयोजन किया गया है.
इस अवसर पर साधु-संतों द्वारा शाही जुलूस भी निकाला जाएगा. इस दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु आस्था की डूबकी लगाने पहुंचते हैं.
इसी दिन शाम को राजिम कुंभ कल्प मेला का समापन होगा.
धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम
हर बार की तरह इस बार भी राजिम कुंभ कल्प में धार्मिक अनुष्ठानों, प्रवचनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की एक श्रृंखला होगी.
त्रिवेणी संगम में प्रतिदिन शाम 6.30 बजे महानदी आरती होगी.
नदी क्षेत्र में बनाए गए संत समागम स्थल पर संत गुरूशरण महाराज पंडोखर सरकार दतिया द्वारा 21 से 25 फरवरी तक सत्संग दरबार लगाया जाएगा.
इसी प्रकार 13 से 19 फरवरी तक शाम 4 बजे से 7 बजे तक भागवत कथा का आयोजन किया गया है.
नारायण सेवा संस्थान उदयपुर के महाराज डॉ. संजय कृष्ण सलिल कथा वाचन करेंगे.
इसी के साथ मुख्य मंच पर प्रतिदिन राष्ट्रीय व आंचलिक कलाकारों द्वारा शाम 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी.
आज उद्घाटन कार्यक्रम में पार्श्व गायिका मैथिली ठाकुर विशेष प्रस्तुति देंगी.