शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में आज से 4 दिनों तक बारिश, अलर्ट

छत्तीसगढ़ में आज से 4 दिनों तक बारिश

C

CG Khabar

19 मार्च 2025, 08:02 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

बारिश का अलर्ट जारी
बारिश का अलर्ट जारी

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी के बाद अब मौसम बदलने के आसार बन रहे हैं. आज बुधवार शाम से आगामी चार दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. 


उत्तरी, मध्य और दक्षिणी भागों में अलग-अलग दिनों पर बारिश देखने को मिल सकती है. इस दौरान दिन में गर्मी और दोपहर बाद मौसम के तेवर अलग होंगे. वहीं 21 और 22 मार्च को अधिकतम तापमान में गिरावट भी संभावित है.


मौसम विभाग के मुताबिक पूर्व ईरान के आसपास बने चक्रवाती घेरा और मध्य छत्तीसगढ़ से कर्नाटक तक बनी द्रोणिका के प्रभाव से मौसम बदलेगा. बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के असर से बुधवार 19 मार्च को दोपहर बाद अंधड़ चलने, हल्की बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है. 


सबसे ज्यादा प्रभावित इलाका मुंगेली जिले के आसपास रहेगा. इसी तरह 20 और 21 मार्च को दक्षिणी भाग में बारिश की संभावना बनी हुई है. 


हालांकि अगले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा. 21 और 22 मार्च को अधिकतम तापमान में गिरावट संभावित है. 


बुधवार को कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में बौछारें पड़ सकती हैं.  इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की संभावना है.


इसके अगले दिन 20-21 मार्च को रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा संभाग के जिलों में गरज चमक के साथ बारिश होने का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है. 


इसी तरह 22 मार्च को बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के जिलों में बारिश हो सकती है.


जगदलपुर रहा सबसे गर्म
मंगलवार 18 मार्च को राजधानी रायपुर में लू से राहत रही. मंगलवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री ज्यादा रहा. 

 

वहीं, न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रहा. 


मंगलवार को जगदलपुर प्रदेश में सबसे गर्म रहा. यहां तापमान 38.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. सबसे ठंडा अंबिकापुर रहा, जहां पारा 15.6 डिग्री रहा. 


मैदानी इलाकों में दुर्ग ही ऐसा जिला है जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहा. 


मंगलवार को यहां रात का तापमान 19.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम रहा. वहीं अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP