राशन वितरण में ओटीपी और फिंगरप्रिंट का रोड़ा, हितग्राही परेशान
राशन वितरण में ओटीपी और फिंगरप्रिंट से हितग्राही परेशान
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में इस माह चावल उत्सव के चलते तीन माह का राशन एक साथ बांटा जा रहा है. लेकिन चावल लेने वाले हितग्राहियों और चावल देने वाले ठेकेदार दोनों के पसीने छूटने लगे हैं.
सुबह 5 बजे से राशन दुकान के बाहर लाइन लग रही है. उसके बावजूद शाम तक राशन मिल जाए इसकी कोई गारंटी नहीं है. एक राशन कार्ड धारी को राशन लेने 6 बार फिंगरप्रिंट या 3 बार ओपीटी देना पड़ रहा है.
इसमें भी हमेशा सर्वर डाउन, ओटीपी जनरेट ना होना, फिंगरप्रिंट नहीं मिलना जैसी कई समस्याओं के चलते राशन वितरण में बाधा पैदा हो रही है. जिसके चलते हितग्राहियों को लंबी लाइनों में लगकर इंतजार करना पड़ रहा है.
इसी के चलते रविवार को गरियाबंद की एक राशन दुकान में भगदड़ मच गई. अवकाश का दिन होने के कारण सुबह से राशन दुकान में हितग्राहियों की लंबी कतार लग गई थी. भीड़ को देखकर सेल्समैन से गेट बंद दिया था. घंटों इंतजार के बाद भी राशन नहीं मिलने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा.
आक्रोशित हितग्राही दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए. इससे यहां भगदड़ मच गई. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी. इस दौरान कई लोग घायल हो गए.
22 दिनों में सिर्फ 50 फीसदी वितरण
राशन कार्ड धारकों को इस महीने 3 महीने यानि जून, जुलाई और अगस्त का राशन एक साथ दिया जा रहा है.
चावल वितरण में कई तरह की परेशानी के चलते जून माह के 22 दिनों के भीतर कई सहकारी समितियों में 50 फीसदी हितग्राहियों को ही चावल का आवंटन हुआ है.
इस माह का चावल देने के लिए अब सिर्फ सप्ताह भर का समय रह गया है. ऐसे में गरीब हितग्राहियों को चावल लेने से वंचित ना रह जाएं इसका डर सताने लगा है.
हितग्राही अब काम-धाम छोड़कर चावल लेने पहुंच रहे हैं. जिससे चलते सुबह से राशन दुकानों में लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं.
ओटीपी, फिंगरप्रिंट और एंट्री में लग रहा समय
राशन कार्डधारियों को राशन लेने 6 बार फिंगरप्रिंट या 3 बार ओटीपी देना पड़ रहा है. जिससे आधे घंटे में सिर्फ एक व्यक्ति को राशन मिल पाता है.
वितरण में हो रही देरी का कारण दुकानों को बांटी गई नई ई-पॉश मशीनें भी हैं.
इस मशीन में एक हितग्राही को तीन महीने का चावल वितरण करने में 6 बार एंट्री करानी पड़ रही है.
इसके अलावा साफ्टवेयर की इंटरनेट स्पीड भी कम है. जिससे एक हितग्राही की एंट्री कराने में ही आधा घंटे तक का समय लग जा रहा है.
रही सही कसर को सर्वर डाउन, ओटीपी जनरेट ना होना, फिंगरप्रिंट का मैच ना होने जैसी समस्याएं पूरी कर रही है.
गरियाबंद में राशन लेने भगदड़
गरियाबंद के वॉर्ड क्रमांक 3 की राशन दुकान में रविवार को काफी संख्या में हितग्राही राशन लेने पहुंचे थे. सुबह से यहां काफी लंबी लाइन लग गई थी.
दुकान संचालक भीड़ को देखते हुए बाहर का दरवाजा बंद कर बारी-बारी से हितग्राहियों को अंदर बुलाकर राशन का वितरण कर रहा था.
उसी दौरान वितरण के लिए लगाई गई नई मशीन ने काम करना बंद कर दिया. इस बीच लोगों का गुस्सा फूट पड़ा.
नाराज हितग्राहियों ने नारेबाजी शुरू कर दी. धक्का-मुक्की में बाहर का दरवाजा टूट गया. दरवाजे के टूटते ही भीड़ राशन दुकान की दौड़ पड़ी.
इस अफरा-तफरी में कुछ महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे जमीन पर गिर पड़े. भीड़ के रौंदने से उन्हें चोटें भी आई हैं.
दिनभर में केवल 20-22 लोगों को ही राशन
सेल्समैन रमेश निर्मलकर ने बताया कि नई मशीन की वजह से राशन वितरण में देरी हो रही है.
ओटीपी और फिंगर प्रिंट लेने में भी काफी समय लग रहा है. इसके अलावा सर्वर भी बार-बार डाउन हो जाता है.
एक व्यक्ति को राशन वितरण करने में करीब आधे से पौन घंटे का समय लग रहा है. दिनभर में केवल 20 से 22 कार्डधारियों को ही राशन का वितरण कर पा रहे हैं.