शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व में भीषण आग, 20 किमी परिधि में फैली

छत्तीसगढ़ गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व में भीषण आग, 20 किमी परिधि में फैली

C

CG Khabar

29 मार्च 2025, 12:50 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

टाइगर रिजर्व में भीषण आग
टाइगर रिजर्व में भीषण आग

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के गुरूघासी दास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के जंगल में पिछले कई दिनों से आग लगी हुई है. आग धीरे-धीरे फैलते हुए करीब 20 किलोमीटर परिधि तक फैल गई है. 


आग टाइगर रिजर्व के रिहंद रेंज के तेलाईपाट, बैजनपाट और मुण्डा जंगल तक फैल गई है. गर्मी व तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है. आग से टाइगर रिजर्व का कई हेक्टेयर जंगल झुलस चुका है.


इस संबंध में रेंजर ललित साय पैकरा का कहना है कि आग बुझाने की कोशिश की जा रही है. दो परिक्षेत्रों का प्रभारी होने के कारण रायगढ़ रेंज में अधिक समय देना पड़ रहा है.


उनका कहना है कि डिप्टी रेंजर सूर्यभान सिंह जंगल एवं वन्य जीवों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे हैं. 


गर्मी बढ़ते ही गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के जंगल में आग लगने की घटनाएं बढ़ गई हैं. 


जंगल के बड़े क्षेत्र में आग फैलने के चलते टाइगर रिजर्व का वन अमला आग पर काबू नहीं कर पा रहा है. 


पहाड़ी और खाई वाला इलाका होने के कारण वन विभाग को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.


साथ ही कर्मचारियों की कमी के कारण भी मुश्किल हो रहा है. 


बताया जा रहा है कि मध्यप्रदेश के सीमावर्ती जंगल की आग मंगलवार को गुरू घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के जंगल में फैल गई. 


सबसे पहले मकरा दुआरी के जंगल में आग फैली. इसके बाद लगातार फैलती गई. 


इसकी सूचना मिलने पर वन विभाग देर रात तक आग बुझाने की कोशिश करता रहा पर सफलता नहीं मिली. 


बुधवार को कड़ी मशक्कत के बाद वन अमला आग बुझाने में कुछ हद तक सफल हुआ. इसके बाद बुधवार को ही जंगल में दो स्थानों पर फिर से आग लगने की घटनाएं हुई. 


इससे पूर्वी बैजनपाठ और लुल्ह जंगल में आग धधकती रही. आग ने शुक्रवार तक विकराल रूप ले लिया था. जंगल की आग काफी दूर से ही नजर आ रही है. 


आग से टाइगर रिजर्व क्षेत्र के साथ ही आसपास के गांवों में धुंआ भर गया है. जंगल की आग अब तक बैजनपाठ, तेलईकछार, मुण्डा क्षेत्र के 20 किलोमीटर की परिधि में फैली हुई है.


इससे जंगल की औषधीय वनस्पतियां पूरी तरह झुलस गई हैं. वहीं वन्य जीवों पर भी खतरा मंडरा रहा है. आग को शीघ्र नहीं बुझाया गया तो समस्या विकराल बन जाएगी.

 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP