रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर माओवादियों ने डेढ़ टन विस्फोटक लूटा

H

Hupendra Sharma

28 मई 2025, 02:18 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

 विस्फोटक लूटा
विस्फोटक लूटा

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर कथित माओवादियों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है. माओवादियों ने करीब डेढ़ टन विस्फोटक से लदे एक वैन को लूट लिया है.


यह वैन, बारूद गोदाम से बारूद भर कर झारखंड सीमा से लगे केबलांग थाना क्षेत्र के पत्थर खदान जा रही थी. वैन में 25-25 किलो का 200 पैकेट बारूद भरा हुआ था.

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक यह घटना छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा के सुंदरगढ़ जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के इटमा गांव की है.


बताया गया कि करीब 24 घंटे पहले वैन में बारूद भरकर बांको पत्थर खदान भेजा गया था.


इसी दौरान 4 कथित माओवादियों ने बीच रास्ते में ही वैन को रोककर चालक को बंधक बना लिया.


चालक पर बंदूक टिकाकर कथित माओवादी वैन को जंगल की ओर ले गए. जंगल के भीतर करीब 40 और माओवादी मौजूद थे.


सभी ने मिलकर बारूद को वैन से उतार कर जंगल में चले गए. इसके बाद चालक को वाहन के साथ वापस लौटा दिया. 


घटना के बाद वापस लौटे चालक ने गोदाम के मैनेजर को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद मैनेजर ने पुलिस को इसकी जानकारी दी. चालक के मुताबिक लूटपाट करने वाले सभी लोग माओवादी जैसे कपड़े पहनते हैं, वैसे ही कपड़े पहने हुए थे.


साथ ही हथियार भी रखे हुए थे और सामान्य भाषा में बातचीत कर रहे थे.


कथित माओवादियों ने चालक और वाहन को किसी भी प्रकार से नुकसान नहीं पहुंचाया है.


बताया गया कि घटना की जानकारी मिलते ही ओडिशा और झारखंड पुलिस सतर्क हो गई है. दोनों राज्यों की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर जंगलों में तलाशी शुरू कर दी है.


कथित माओवादियों की तलाश के लिए सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टुकड़ियों को भी तैनात किया गया है.


हालांकि घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ भी सुराग नहीं लगा है. घटना के बाद पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ा दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP