रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

शराब घोटालाः अधिकारियों के खिलाफ अब सोमवार को पेश होगा चालान

शराब घोटाला मामले में अब सोमवार को पेश होगा चालान

H

Hupendra Sharma

05 जुल. 2025, 10:27 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

शराब घोटाला
शराब घोटाला

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में ईओडब्ल्यू और एसीबी की टीम ने जांच तेज कर दी है. इस मामले में संलिप्त पाए गए 28 आबकारी अफसरों को 5 जुलाई को कोर्ट में पेश होने के लिए नोटिस जारी किया गया था.


ईओडब्ल्यू के अफसर शनिवार को इन अधिकारियों के खिलाफ चालान पेश करने के लिए कॉपी लेकर पहुंच भी गए थे, लेकिन स्पेशल जज के नहीं होने के कारण चालान पेश नहीं हुआ.

विज्ञापन


अब चालान सोमवार को पेश किया जाएगा. इसके बाद ईओडब्ल्यू की टीम कोर्ट लाए सभी चालान को वापस ले गई. 


गौरतलब है कि शराब घोटाले में 28 से ज्यादा आबकारी अफसर आरोपी हैं.


जांच में खुलासा हुआ है कि कांग्रेस शासन काल में नकली होलोग्राम से शराब बेचकर यह घोटाला किया गया था.


इन अफसरों ने सिंडिकेट बनाकर शराब घोटाले में पूरा साथ दिया. इसके एवज में अफसरों को हर साल करोड़ों रुपए का भुगतान किया गया है.


जांच के दौरान एसीबी और ईओडब्ल्यू ने सभी अधिकारियों से लंबी पूछताछ की है.


इसके बाद 18 अप्रैल को अभियोजन स्वीकृति का प्रस्ताव विधि विभाग को भेजा गया था. जिसे विधि विभाग ने 20 मई को मंजूरी दे दी थी.


विधि विभाग से मंजूरी मिलने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग यानी सीएम विष्णुदेव साय के हस्ताक्षऱ का इंतजार था.


वहां से स्वीकृति मिलने के बाद ईओडब्ल्यू और एसीबी ने न्यायालय में पूरक चालान पेश करने तिथि तय की थी.


इसी कड़ी में आबकारी अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया था. शनिवार को न्यायालय में पेश होने की तिथि निर्धारित की गई थी. 


दरअसल, ये सभी राजपत्रित अधिकारी हैं और वर्तमान में राज्य के अलग अलग जिलों में पदस्थ हैं.


इसलिए इन्हें फिलहाल गिरफ्तार नहीं किया गया. विशेष न्यायालय के फैसले के आधार पर ही इनके खिलाफ आगे की कार्रवाई होगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP